लूट का शिकार होने से बची जागरूक महिला
शहर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट करने वालों के चंगुल से स्थानीय जगन्नाथ कॉलोनी इलाके की एक महिला बाल बाल बच गयी।
संवाद सूत्र, संबलपुर : शहर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट करने वालों के चंगुल से जगन्नाथ कॉलोनी इलाके की एक महिला बाल-बाल बच गयी। सोमवार को बाइक सवार लुटेरों ने उसे भी अपना शिकार बनाने की कोशिश की थी। लेकिन लूटपाट की ऐसी घटनाओं के प्रति महिला अवगत थी और इसी वजह से वह लूट का शिकार होने से बच गयी।
सोमवार को अईंठापाली थाना अंतर्गत जगन्नाथ कॉलोनी इलाके में रहने वाली एक महिला किसी काम से पैदल अईंठापाली की ओर जा रही थी। तभी पात्र होटल के निकट बाइक में सवार दो युवकों ने उसे रोका और आगे एक हत्याकांड हो जाने और पुलिस की कड़ी जांच होने की बात कहकर उसे अपने गहने उतारकर एक रूमाल में रख देने को कहा। बाइक के पीछे बैठे युवक ने अपना रूमाल निकालकर महिला को देने की कोशिश भी की। इस तरह की लूटपाट की घटनाओं से महिला अवगत थी। ऐसे में उसने लुटेरों को यह कहकर वापस लौट आई कि उसे आगे जाना ही नहीं है। जिससे लुटेरों को निराश होकर लौटना पड़ा। महिला ने घर लौटकर इस बारे में परिवार के लोगों को बताया तब यह मामला सामने आया।
इस बारे में पूछे जाने पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. कंवर विशाल सिंह ने बताया कि ऐसी लूटपाट करने वाले गिरोह पर कड़ी नजर रखने को थानेदारों को निर्देश दिया गया है। जल्द ही इस दिशा में पुलिस को सफलता मिलने की संभावना है।