Move to Jagran APP

भाजपा के सुरेश पुजारी ने जीता बरगढ़ लोकसभा चुनाव

पश्चिम ओडिशा के संबलपुर और झारसुगुड़ा जिला में किस्मत आजमा कर नाकाम रहे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुरेश पुजारी को बरगढ़ जिला में जाकर सफलता मिली।

By JagranEdited By: Published: Fri, 24 May 2019 03:17 PM (IST)Updated: Sat, 25 May 2019 06:41 AM (IST)
भाजपा के सुरेश पुजारी ने जीता बरगढ़ लोकसभा चुनाव
भाजपा के सुरेश पुजारी ने जीता बरगढ़ लोकसभा चुनाव

संवाद सूत्र, संबलपुर : पश्चिम ओडिशा के संबलपुर और झारसुगुड़ा जिला में किस्मत आजमा कर नाकाम रहे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुरेश पुजारी को बरगढ़ जिला में जाकर सफलता मिली पांच बार विधानसभा और एक बार लोकसभा चुनाव में हार का सामना करने वाले सुरेश को इस बार बरगढ़ लोकसभा में भारी मतों से जीत हासिल होने से उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कॉलेज जीवन से छात्र राजनीति करने वाले सुरेश पुजारी पहली बार गंगाधर मेहेर कॉलेज छात्र संघ का चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने और बाद के वर्षों में संबलपुर नगरपालिका का चुनाव जीतकर चेयरमैन बने। उस समय ओडिशा में बीजू पटनायक की सरकार थी। उन्होंने सुरेश को अपनी पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, लेकिन सुरेश निर्दलीय नेता के रूप में अपनी राजनीति करते रहे और बाद के वर्षों में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो गए। ओडिशा में जब बीजद-भाजपा की गठबंधन सरकार थी तब सुरेश को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था ।

loksabha election banner

सक्रीय राजनीति में किस्मत आजमाने के लिए सुरेश पुजारी ने वर्ष 1985 और 1995 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में संबलपुर विधानसभा, वर्ष 2000, 2004 और 2009 में झारसुगुड़ा जिला के ब्रजराजनगर विधानसभा सीट और वर्ष 2014 में संबलपुर लोकसभा सीट के लिए चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन किसी भी चुनाव में सफल नहीं हुए। इस बार भाजपा ने सुरेश पर फिर से दांव खेला और उन्हें बरगढ़ लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार बनाया। बरगढ़ जिले में बीजद के वर्चस्व के बावजूद सुरेश ने इसे चुनौती के रूप में लिया। नया चुनाव क्षेत्र होने के बावजूद वह अपने समर्थकों के साथ ब्रजराजनगर, झारसुगुड़ा, पदमपुर, भटली, बीजेपुर, बरगढ़ सदर और अत्ताबिरा विधानसभा क्षेत्र में जोरशोर से चुनाव प्रचार में जुटे रहे, जिसका सुखद परिणाम सामने आया है। उन्होंने बरगढ़ के कद्दावर नेता और बीजद के विधायक, सांसद और मंत्री रह चुके प्रसन्न आचार्य को परास्त कर चुनाव जीत लिया। आश्चर्य तो इस बात का है कि बरगढ़ लोकसभा सीट भाजपा को मिली लेकिन इसके सातों विधानसभा सीटों पर बीजद की जीत हुई। भाजपा के सुरेश पुजारी को इस बार चुनाव में 574017 वोट, बीजद के प्रसन्न आचार्य को 512875 और कांग्रेस के प्रदीप देबता को 108359 वोट मिले। उनकी जीत की खबर के बाद दलीय नेता, कार्यकर्ता और समर्थक स्थानीय साक्षीपाड़ा स्थित उनके आवास पहुंचे और बधाई दी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.