जादूटोना के संदेह में जानलेवा हमला, दंपती गिरफ्तार
अपने ही गांव के पुरुषोत्तम कुमुरा पर जादूटोना करने का संदेह कर उसपर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले पति- पत्नी को अईंठापाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : अपने ही गांव के पुरुषोत्तम कुमुरा नामक एक व्यक्ति पर जादूटोना करने का संदेह कर उसपर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले पति-पत्नी को अईंठापाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
अईंठापाली थानेदार चितामणि प्रधान के अनुसार, घटना 24 नवंबर की सुबह क्षेत्र के काएंशिर गांव निकटस्थ श्री अरविद स्कूल के पास हुई। गांव के नुंआपाड़ा का पुरुषोत्तम कुमुरा (58) कहीं जा रहा था। तभी उसी गांव के गंडपाड़ा निवासी चंद्रमणि बरिहा (52) और उसकी पत्नी सुमित्रा बरिहा ने रास्ता रोक कर अचानक कुल्हाड़ी से पुरुषोत्तम पर हमला कर दिया। बरिहा दंपती को संदेह था कि पुरुषोत्तम के जादूटोना की वजह से उनके परिवार में आपदा आयी है। पुरुषोत्तम किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। दोपहर के समय थाने पहुंचकर बरिहा दंपती के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सोमवार को बरिहा दंपती को गिरफ्तार कर लिया।