असहायों का हाल जानने उनके बीच पहुंचे जिलाधीश
विभिन्न समस्याओं एवं असुविधाओं से जूझ रहे जिले के जुजुमुरा ब्लॉक अंतर्गत फू
संसू, संबलपुर : विभिन्न समस्याओं एवं असुविधाओं से जूझ रहे जिले के जुजुमुरा ब्लॉक अंतर्गत फूलझरण वृद्धाश्रम और हातीबाड़ी स्थित कुष्ठाश्रम का गुरुवार को जिलाधीश समर्थ वर्मा ने दौरा किया। इस दौरे में जिलाधीश ने रेढ़ाखोल विधायक इंजीनियर रोहित पुजारी के साथ दोनों आश्रम की विभिन्न समस्याओं को जानने की कोशिश करने समेत समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया है।
विधायक पुजारी समेत जिला मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके गुप्ता, रेडक्रास के सचिव जॉय जार्ज, रेडक्रास की क्षेत्रीय अधिकारी प्रमिला बेहरा, प्रोबेशन आइएएस आशीष पटेल आदि के साथ पहले फूलझरण स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे जिलाधीश ने यहां रहनेवाली असहाय महिलाओं के रहने-खाने की व्यवस्था की जानकारी ली। इसमें स्थानाभाव की समस्या सामने आई। वृद्धाश्रम के संप्रसारण के लिए रेडक्रास की ओर से जिलाधीश और विधायक से आर्थिक सहयोग का प्रस्ताव दिया गया।
इसके बाद जिलाधीश हातीबाड़ी स्थित कुष्ठाश्रम पहुंचे और रोगियों से उनका दुख-दर्द सुना। इस दौरान यहां स्वास्थ्य समस्या का पता चला। बताया गया कि केवल दो नर्स के भरोसे कुष्ठाश्रम का स्वास्थ्य केंद्र चल रहा है। स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर सप्ताह में केवल दो दिन आते हैं। इस पर जिलाधीश ने जिला मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुप्ता को इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र में नियमित डॉक्टर और तकनीशियन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कुष्ठाश्रम के 27 लोगों को भत्ता प्रदान किया गया। इसके बाद जिलाधीश और विधायक वीर¨सहरगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर 20 लाभुकों को भत्ता प्रदान किया।