बरगढ़ में भीषण गर्मी से तीन की मौत
भीषण गर्मी से झुलसते पश्चिम ओडिशा के कई शहरों में बुधवार को भी अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहा।
संसू, संबलपुर : भीषण गर्मी से झुलसते पश्चिम ओडिशा के कई शहरों में बुधवार को भी अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहा। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली की आंखमिचौली के साथ जलसंकट से भी लोग परेशान हो रहे है। जबकि संबलपुर से सटे बरगढ़ जिला में बुधवार को तीन लोगों की मौत भीषण गर्मी से बतायी जा रही है। मृतकों में एक रेलयात्री भी शामिल हैं। वह बरगढ़ रोड स्टेशन के प्लेटफार्म में मौजूद बेंच पर सोया था और इसी हालत में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, बरगढ़ के सदर थाना अंतर्गत नुंआ सरसरा गांव का 52 वर्षीय ग्रन्थ प्रधान, बुधवार की सुबह अपने ससुराल चकरकेंद जाने के लिए घर से निकला था। आधे रास्ते में ही वह अचेत होकर गिर गया। स्थानीय लोग उसे एक डॉक्टर के पास ले गए, वहां से उसे बरगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी तरह, गायसिलेट थाना अंतर्गत टेंगनापाली गांव के 80 वर्षीय सहदेव बरिहा की तबियत अचानक से खराब हो गई। उसे इलाज के लिए बरगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि मंगलवार की रात सहदेव एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हुआ था और इसी के बाद से उसकी तबीयत खराब हो गयी थी। गर्मी और उमस की वजह से वह रात भर बेचैन रहा ।