जून का महीना, पसीना ही पसीना, पारा 42 के पार Sambalpur News
पश्चिम ओडिशा के सभी जिलों में मौसम का बुरा हाल है कई जिलों में तापमान अब भी 41 से 44 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है।
संबलपुर, जेएनएन। पश्चिम ओडिशा के सभी जिलों में मौसम के बिगड़े मिजाज से बुरा हाल है। दिन के समय भीषण गर्मी के बाद शाम के समय कुछ देर तक आंधी और हल्की बारिश हो जाती है। इसके बाद उमस से लोगों का और भी बुरा हाल होने लगा है। सूबे के अन्य कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे चला गया है। लेकिन पश्चिम ओडिशा के कई जिलों में तापमान अब भी 41 से 44 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। इसकी वजह से दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है।
भीषण गर्मी से एयर कंडीशनर, कूलर और पंखे भी हांफने लगे हैं।10 मई से लेकर 15 जून के बीच संबलपुर में केवल तीन दिन तापमान 40 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। जबकि अन्य दिनों में तापमान 40 डिग्री से 45.6 डिग्री के बीच रहा। 10 मई को तापमान 45.1 डिग्री, 25 को 45.2 डिग्री और 12 जून को तापमान 45.6 डिग्री रहा।
इस बार संबलपुर भीषण गर्मी से कई बार सूबे में सबसे अधिक तपता शहर भी बना। यही हाल पश्चिम ओडिशा के बलांगीर, टिटिलागढ़, हीराकुद, सोनपुर, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, बरगढ़, बौद्ध भवानीपाटना में रहा। शनिवार की रात आसमानी बिजली कड़कने के साथ पश्चिम ओडिशा के विभिन्न स्थानों में हलकी बारिश हुई। रविवार को धूप की तपिश थोड़ी कम हुई, लेकिन उमस के बढ़ जाने से लोग परेशान रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप