बेटी के विवाह के लिए गंजाम आ रहे पिता की ट्रेन हादसे में मौत
अपनी बेटी के विवाह का सपना संजोकर अहमदाबाद से वापस अपने गांव लौट रहा एक पिता ट्रेन हादसे का शिकार हो गया।
संवाद सूत्र, संबलपुर : अपनी बेटी के विवाह का सपना संजोकर अहमदाबाद से वापस अपने गांव लौट रहा एक पिता ट्रेन हादसे का शिकार हो गया। चलती ट्रेन से बाहर गिर जाने से उनकी मौत हो गई। रविवार के अपराह्न, स्थानीय मानेश्वर स्टेशन के निकट उसका शव मिलने के बाद रेल पुलिस ने अपमृत्यु का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद रिश्तेदारों को सौंप दिया है।
यह हादसा शनिवार की आधी रात हुआ। अहमदाबाद से पुरी आ रही एक्सप्रेस ट्रेन जब संबलपुर से होकर गंतव्य की ओर जा रही थी तभी ट्रेन से एक यात्री नीचे गिर गया। उसके रिश्तेदारों और सहयात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोकने समेत काफी पीछे तक रेल लाइन के आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। रविवार के अपराह्न, मानेश्वर स्टेशन के निकट उसका शव मिला। मृत यात्री की पहचान गंजाम जिला के संतोष परिड़ा के रूप में की गई। संतोष गुजरात के अहमदाबाद की एक फैक्ट्री में काम करता था। हाल ही में उसकी बेटी का विवाह होना है। इसी के लिए संतोष और उसके कुछ रिश्तेदार वापस अपने गांव लौट रहे थे। शनिवार की आधी रात जब अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस स्थानीय मानेश्वर स्टेशन से होकर गुजर रही थी तभी संतोष ट्रेन से नीचे गिर गया था। उसके रिश्तेदारों के अनुसार, संतोष ट्रेन यात्रा के दौरान थोडा अस्वस्थ था। रात के समय वह शौचालय गया था। वहां से निकलने के बाद वह डिब्बे के गेट के पास के बेसिन में हाथ धो रहा था तभी खुद को संभाल नहीं सका और ट्रेन से नीचे गिर गया।