संबलपुर, जागरण संवाददाता। कालाहांडी- कंधमाल जिला के सीमांत पर शुक्रवार के अपरान्ह नक्सलियों और सुरक्षा बल के जवानों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली की मौत हो गई। मृत नक्सली की पहचान नहीं हो सकी है।  मुठभेड़ की इस घटना के बाद सुरक्षा बल के जवानों को सघन तलाशी अभियान का निर्देश दिया गया है।

  मुठभेड़ की इस घटना की जानकारी देते हुए राज्य के आईजी ( आपरेशन ) अमिताभ ठाकुर ने बताया है कि गुरुवार के दिन कालाहांडी जिला पुलिस अधीक्षक विवेक श्रवणन को कालाहांडी- कंधमाल जिला के सीमांत पर नक्सली गतिविधि की सटीक सूचना मिली थी। इसी के बाद स्पेशल आपरेशन ग्रुप और डिस्ट्रिक्ट वॉलेंटियर फ़ोर्स के जवानों को जिला के मदनपुर- रामपुर थाना क्षेत्र में तलाशी अभियान के लिए भेजा गया था। 

 सुरक्षा बल के जवान तलाशी अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार के अपरान्ह जब कंधमाल सीमा के जंगल तक पहुंचे थे तभी उनका आमना सामना नक्सलियों के साथ हो गया। नक्सलियों को सामने देख सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन नक्सलियों ने फायरिंग शुरु कर दी। इस दौरान नक्सलियों ने कुछ आईईडी विस्फोट भी किया। तब सुरक्षा बल के जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग शुरु कर दी। कुछ देर तक दोनों तरफ से फायरिंग जारी रही। फायरिंग थमने के बाद जब सुरक्षा बल के जवानों ने इलाके की तलाशी शुरु की तब नक्सली पोशाक में एक महिला का शव मिला। इसके अलावा आसपास नक्सली सामग्री, कैंप सामग्री, जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री जब्त किया गया।