हाथी के हमले में तीन घायल, एक भर्ती
पिछले एक सप्ताह से रेढ़ाखोल वनांचल अंतर्गत बड़माल रेंज में उपद्रव मचा रहे एक
संसू, संबलपुर : पिछले एक सप्ताह से रेढ़ाखोल वनांचल अंतर्गत बड़माल रेंज में उपद्रव मचा रहे एक दंतैल हाथी को अब तक काबू नहीं किया जा सका है। परिणामस्वरूप दंतैल हाथी के हमले में शुक्रवार को तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक को इलाज के लिए बुर्ला स्थित मेडिकल हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर बाद तुटामुंडा गांव के प्रशांत प्रधान, बैकुंठ महानंद और विक्रम महानंद खलियानाल पुल के निकट से कहीं जा रहे थे। इन पर दंतैल हाथी की नजर पड़ गई और वह दौड़ने लगा। हाथी से बचने के लिए तीनों जान बचाकर भागे लेकिन दहशत में गिर पड़कर घायल हो गए। प्रशांत के दोनों पैर टूट गए और इलाज के लिए उसे बुर्ला मेडिकल हास्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। इसकी जानकारी मिलते ही बड़माल रेंजर उमेश कर्ण, चारमाल थानेदार प्रशांत दलेई घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इसी हाथी ने तुटामुंडा गांव के श्रीपति मुंडा को कुचलकर मार डाला था।