निरगुणी खोल में जंगली हाथियों का तांडव
उल्लेखनीय है कि 27 नवंबर की रात को भी हाथी इसी ब्लॉक के विश्वासपाली गांव के जगन्नाथ सिंह, वकील मुंडा, विश्वनाथ सिंह का घर तोड़ कर अंदर रखे धान खा गए थे।
संबलपुर, जागरण संवाददाता। खरीफ फसल की धान कटाई के बाद अब जंगली हाथियों का उपद्रव शुरू हो गया है। जिले के जमनकिरा ब्लॉकअंतर्गत बडऱमा पंचायत के निरगुणी खोल गांव में विगत रात जंगली हाथियों के एक झुंड ने जमकर उपद्रव मचाया।
ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार की आधी रात के बाद ऊषाकोठी संरक्षित जंगल से निकले हाथियों का झुंड गांव पहुंचा एवं ग्रामीण श्रीराम भोई, बहन विलासिनी भोई और विबाधर धरुआ के घर के पास पहुंच कर घर की दीवार तोड़कर अंदर बोरे में रखे धान खा गए। इस दौरान एक दीवार ढ़हने से घर में सोई विलासिनी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बुर्ला स्थित मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांववालों ने बडऱमा वन विभाग के रेंज अधिकारी और राजस्व विभाग को इस संबंध में लिखित शिकायत करते हुए क्षतिपूर्ति व प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास देने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि 27 नवंबर की रात को भी हाथी इसी ब्लॉक के विश्वासपाली गांव के जगन्नाथ सिंह, वकील मुंडा, विश्वनाथ सिंह का घर तोड़ कर अंदर रखे धान खा गए थे। बार-बार हाथियों के ऐसे उपद्रव को देख जंगल के आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें: ओडिशा के सुंदरगढ़ में कैश वाहन से 25 लाख की लूट