सरेराह महिला को निर्वस्त्र करने की कोशिश, बंद रहा हीराकुद
भुक्तभोगी महिला की बेटी के साथ कुछ वर्ष पहले दुष्कर्म हुआ था और इस मामले में पुलिस ने संतोष पात्र नामक युवक को गिरफ्तार किया था।
संबलपुर, जेएनएन। उपनगर हीराकुद क्षेत्र निवासी एक महिला को बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने सरेराह शुक्रवार को निर्वस्त्र करने की कोशिश की गई तथा हमला किया गया। महिला ने किसी तरह पास के एक के मकान में घुसकर अपनी इज्जत व जान बचायी। इस घटना के विरोध में शनिवार को हीराकुद बंद रहा। बंद समर्थकों ने अत्याचारियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
बंद के दौरान कहीं से किसी अनहोनी की खबर नहीं है। बताया गया है कि भुक्तभोगी महिला की बेटी के साथ कुछ वर्ष पहले दुष्कर्म हुआ था और इस मामले में पुलिस ने संतोष पात्र नामक युवक को गिरफ्तार किया था। संतोष वर्तमान जेल में बंद है और मामले की सुनवायी जारी है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी के परिवार वाले मामला वापस लेने और गवाही नहीं देने के लिए धमकाते हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, पीड़ित महिला शुक्रवार को दोपहर बाद अपनी बेटी को लेने स्कूल की ओर जा रही थी तभी बाइक में सवार होकर आए दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों ने चेहरा ढक रखा था। दोनों ने दुष्कर्म मामले में गवाही देने पर मां बेटी को जान से मार डालने की धमकी दी। इसी बात को लेकर बहस होने के बाद युवकों ने महिला की साड़ी खींचकर उसे निर्वस्त्र करने और हथियार से हमला करने की कोशिश
की। भयभीत महिला किसी तरह वहां से भागकर एक घर में घुस गई। इसके बाद दोनों युवक फरार हो गए। पनाह देने वाले परिवार ने पीड़ित महिला को साड़ी पहनने के लिए दिया। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने इस हमले के पीछे आरोपी संतोष पात्र के परिवार का हाथ बताया है। पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
बुर्ला में महिला व हीराकुद में युवक पर हमला
पुरानी दुश्मनी को लेकर बुर्ला और हीराकुद थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुए जानलेवा हमले में महिला और युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए बुर्ला स्थित मेडिकल हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इन दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। दोनों घटनाएं गुरुवार रात की हैं।
पुलिस के अनुसार बुर्ला थाना अंतर्गत कांट्रेक्टर कॉलोनी में रहने वाले गोविंद सिंह और आदतन अपराधी काके सिंह के बीच पुरानी दुश्मनी थी। गुरुवार की रात काके सिंह एक तलवार लेकर गोविंद सिंह के घर पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी। काके ने गोविंद पर तलवार से हमला कर दिया। पति को बचाने के लिए पत्नी रजनी कौर सामने आ गई और हाथ से तलवार को पकड़ लिया। धारदार तलवार की चोट से रजनी के हाथ में गहरा जख्म हो गया। यह देख काके सिंह फरार हो गया। रजनी को तुरंत इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
इसी तरह हीराकुद में उस्तरे के हमले में कदमपाड़ा निवासी दिलीप लुहा घायल हो गया। उसे बुर्ला मेडिकल हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। हिंडालकों संयंत्र में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत दिलीप गुरुवार की रात काम खत्म होने के बाद घर लौट रहा था तभी दीनू कुंभार नामक युवक उस पर उस्तरे से हमला कर फरार हो गया। दिलीप और दीनू के बीच पुरानी दुश्मनी बतायी गई है। पुलिस दीनू की तलाश कर रही है।
छात्रा से छेड़छाड़ में दबोचे गए छह नाबालिग, गए सुधार गृह
नगर के धनुपाली थाना क्षेत्र की निवासी दसवीं कक्षा की एक छात्रा से छेड़खानी करने के आरोप में पुलिस ने छह नाबालिगों को पकड़कर दो को बाल सुधार गृह भेज दिया है। जबकि चार नाबालिगों को भविष्य में ऐसा नहीं करने की हिदायत देने के बाद उनके अभिभावकों को सौंपा गया है। धनुपाली थानेदार कमल कुमार पंडा के अनुसार, यह छह नाबालिग उक्त छात्रा को आते जाते समय छेड़ते रहते थे। यह छेड़छाड़ पिछले कई महीनों से जारी थी और इसी वजह से छात्रा आतंकित रहती थी। रात को सोते समय भी वह अचानक नींद से जाग जाती थी। इसका पता जब छात्रा के अभिभावकों को चला तब उन्होंने इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को इन छह नाबालिगों को रंगेहाथ पकड़ा गया।