संबलपुर जेल के 20 कैदी सोहेला स्थानांतरित
जेलों में कैदियों की बढ़ती संख्या को कम करने की खातिर जेल प्रशासन ने छोटे अपराध के बंदियों को जमानत पर छोड़े जाने समेत अन्य कई कैदियों को आसपास की जेलों और उपकारा में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : जेलों में कैदियों की बढ़ती संख्या को कम करने की खातिर जेल प्रशासन ने छोटे अपराध के बंदियों को जमानत पर छोड़े जाने समेत अन्य कई कैदियों को आसपास की जेलों और उपकारा में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को संबलपुर मंडल जेल से 20 कैदियों को बरगढ़ जिला के सोहेला उपकारा में स्थानांतरित किया गया।
संबलपुर मंडल जेल अधीक्षक बीरेन साहू के अनुसार, मंडल जेल में 700 से अधिक कैदी हैं। इनमें से शताधिक छोटे अपराधों में गिरफ्तार होकर जेल में बंद हैं। ऐसे कैदियों की संख्या कम करने और सात साल की सजा भुगत चुके कैदियों को पैरोल या जमानत पर छोड़े जाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत पुलिस महानिदेशक को प्रस्ताव भी दिया गया था। इसी के बाद संबलपुर मंडल जेल में बंद कैदियों को अधीनस्थ सोहेला, कुचिडा, रेढ़ाखोल और बीरमहाराजपुर उपकारा स्थानांतरित करने का सिलसिला शुरू हुआ है। बताया गया है कि लॉकडाउन से पहले संबलपुर मंडल जेल में रोजाना 15 से 20 कैदी आते थे। अब उनकी संख्या 2-3 हो गई है। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए जेलों में कैदियों से मुलाकात बंद कर रिश्तेदारों के लिए ई- मुलाकात की व्यवस्था शुरू की गई है। अब कैदी और उनके रिश्तेदार वीडियो के जरिये ई-मुलाकात कर रहे हैं।
राजगांगपुर में पेंशन धारकों का भत्ता लूटने में दो गिरफ्तार
राजगांगपुर नगरपालिका के कर्मचारी प्रमोद कुमार दास और उसके सहकर्मी उपेंद्र भैसाल से शुक्रवार की दोपहर वृद्धा पेंशन के पैसे लूटने के मामले में पुलिस ने दो लूटेरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एक लूटेरा अभी फरार है। आरोपितों में बगीचापाड़ा निवासी पूरब सतनामी (21) व लखुआपाड़ा को विशाल शंखारी (21) बताया गया है। इनका साथी रोहित जयपुरिया फरार है। आरोपितों के पास से लूटी गई रकम को पुलिस ने बरामद कर लिया है। कोरोना महामारी एवं लॉक डाउन के कारण सरकार की ओर से पेंशन, भत्ता धारकों को उनकी राशि घर पहुंचाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत राजगांगपुर नगरपालिका की ओर से घर-घर जाकर लाभुकों को भत्ता प्रदान किया जा रहा है। शुक्रवार को लाभुकों का भत्ता पेंशन लेकर नपा के कर्मचारी प्रमोद सहयोगी उपेंद्र वार्ड सात के बगीचापाड़ा गए थे। जहां भत्ता बांटने के बाद वे मंदेरिया के रास्ते वार्ड 15 जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान जगह पर तीनों आरोपितों ने दोनों को हथियार के बल पर रोक लिया तथा बैग छीनकर फरार हो गए थे। घटना की शिकायत थाने में होने के बाद प्रभारी गोकुलानंद साहू ने मामले की जांच शुरू की तथा दो आरोपितों को दबोच कर उनके पास से लूट के रुपये जब्त किया।