सीएम के 10 मिनट संबलपुर दौरे पर हमलावर हुई कांग्रेस
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के चंद मिनट के संबलपुर दौरे और उनके बारिश व बाढ
संसू, संबलपुर : मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के चंद मिनट के संबलपुर दौरे और उनके बारिश व बाढ़ की समीक्षा को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व विधायक अश्विनी गुरु ने सीधा हमला बोला है। कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञपित में जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की इस समीक्षा बैठक को दुर्भाग्यजनक बताते हुए कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. जानकी वल्लभ पटनायक का हवाला देते हुए नवीन पटनायक की संबलपुरवासियों के प्रति हमदर्दी पर भी तंज कसा है। कहा कि वर्ष 1992 के संबलपुर बाढ़ के बाद कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री ने घंटों संबलपुर में रहकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने समेत लोगों से मिलकर उनकी सुविधा-असुविधा के बारे में न सिर्फ जानकारी ली थी बल्कि तत्कालीन ¨सचाई मंत्री निरंजन पटनायक, राजस्व मंत्री उपेंद्र दीक्षित समेत जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिलाधीश कार्यालय में समीक्षा बैठक की थी। और तो और तत्कालीन राजस्व मंत्री दीक्षित एक सप्ताह तक संबलपुर में उपस्थित रहकर राहत कार्य की देखरेख भी की थी।
जिलाध्यक्ष गुरु ने अफसोस जताया है कि खुद को संबलपुरवासियों का हमदर्द बतानेवाले मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के पास बाढ़ प्रभावित यहां के लोगों के लिए समय तक नहीं। मंगलवार को वह संबलपुर आए और जमादारपाली हवाईपटटी में ही बारिश व बाढ़ की समीक्षा दस मिनट में पूरी कर लौट गए। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने बाढ़ से हुए नुकसान को भी देखना जरूरी नहीं समझा। उनके इस रवैये से संबलपुरवासियोंको गहरी ठेस लगी है।