हीराकुद को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाएंगे : मुख्यमंत्री
आधुनिक भारत का मंदिर कहे जाने वाले विश्वप्रसिद्ध हीराकुद बांध को लेकर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बड़ी घोषणा की है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : आधुनिक भारत का मंदिर कहे जाने वाले विश्वप्रसिद्ध हीराकुद बांध को लेकर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बड़ी घोषणा की है। बरगढ़ का दौर कर संबलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री पटनायक ने मीडिया को इस बारे में जानकारी दी।
मंगलवार के अपराह्न आराध्य देवी मां समलेश्वरी का दर्शन करने के बाद बाहर निकले मुख्यमंत्री पटनायक ने बताया कि मां समलेश्वरी पर उनकी गहरी आस्था है। उनसे ओडिशावासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना करने आया हूँ। उन्होंने बताया कि मां समलेश्वरी की आस्था में विश्वास करने वाले हजारों भक्त रोजाना यहां आते हैं। ऐसे में मां के भक्तों की सुविधा के लिए इस मंदिर का विकास और सौदर्यीकरण कराया जाएगा।
इसके अलावा हीराकुद का भी विकास किया जाएगा। पर्यटकों के लिए वाटर स्पोर्ट्स, बाग बगीचे, कन्वेंशन सेंटर आदि का विकास कर इसे अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। मंदिर और हीराकुद में पर्यटन विकास को लेकर शीघ्र ही एक विशेषज्ञ टीम संबलपुर आएगी और इस बारे में आकलन करेगी।
इस अवसर पर राज्य सरकार के उपमुख्य सचेतक व रेढ़ाखोल के विधायक इंजीनियर रोहित पुजारी, पूर्व विधायक डॉ. रासेश्वरी पाणिग्राही समेत अन्य कई नेता मुख्यमंत्री के साथ रहे।