फ्लाईओवर को लेकर ब्लॉकिग, असंतोष
शहर के प्रथम फ्लाईओवर निर्माण को लेकर लोगों में अब असंतोष देखा जा रहा है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : शहर के प्रथम फ्लाईओवर निर्माण को लेकर लोगों में अब असंतोष देखा जा रहा है। करीब दो किमी लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य वर्ष 2017 में शुरू हुआ था और अबतक शेष नहीं हुआ है। शहर के मुख्य मार्ग में निर्माणाधीन इस फ्लाईओवर की वजह से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है, लेकिन ब्रिज के निर्माण से होने वाले कथित विकास को लेकर प्रशासन और पुलिस चुप्पी साधे है।
शनिवार की रात शहर के मुख्य चौक लक्ष्मी टॉकीज के आसपास के इलाकों को बगैर किसी पूर्व सूचना के रोड ब्लॉक कर दिए जाने से वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पडा। टॉकीज चौक के रास्ते उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तक चक्कर काटना पडा। इसे लेकर लोगों में असंतोष देखा गया। चौक से टाउन थाना के बीच मुख्य मार्ग को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया। इसी तरह चौक से अशोक टाकीज तक के जाने-आने वाले मार्ग को भी पूरी तरह बंद कर दिया गया। बताया जा रहा है कि लोगों में बढ़ते असंतोष को देखते हुए इनदिनों फ्लाईओवर के निर्माणकार्य में तेजी लायी गई है। लक्ष्मी टॉकीज चौक में बीती रात फ्लाईओवर के एक हिस्से की ढलाई की जा रही थी और इसी वजह से ब्लॉक किया गया था ताकि कोई अनहोनी नहीं हो।