मरीजों को इंजेक्सन लगानेवाली अंजान महिला गिरफ्तार
जिला का मुख्य चिकित्सालय शनिवार की रात की घटना को लेकर फिर सुर्खियों में है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : जिला का मुख्य चिकित्सालय शनिवार की रात की घटना को लेकर फिर सुर्खियों में है। मरीजों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा कर्मी तैनात रहने के बाद भी एक अंजान महिला कई मरीजों को जबरन इंजेक्सन व स्लाइन लगाकर गायब हो गई। किसी ने उसे रोका भी नहीं। यह मामला सामने आने के बाद रविवार की शाम प्रबंधन द्वारा टाउन थाना में शिकायत दर्ज करायी गयी। पुलिस ने जांच करने के बाद सुमन जाल उर्फ लिली नामक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला पंडित लक्ष्मीनारायण मिश्र लेन निवासी बतायी गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पीड़ित मरीजों के अनुसार, सलवार-कमीज पहनी एक महिला सुरक्षा कर्मी को साथ लेकर शनिवार की रात जिला मुख्य चिकित्सालय के शल्य विभाग पहुंची। उसके हाथो में इंजेक्सन व स्लाइन की बोतलें थीं। महिला ने खुद को नर्स बताकर 31 नंबर रूम के बेड नंबर-121 के मरीज राहुल खुंटली को स्लाइन लगाने समेत बेड नंबर-122 के मरीज रमेश कुमुरा को इंजेक्सन लगा दिया। इसके बाद यह महिला रूम नंबर-32 पहुंची और वहां अनंत बगर्ती नामक एक मरीज को स्लाइन लगाने का प्रयास किया। अनंत ने इसका विरोध करते हुए बताया कि जब डॉक्टर ने स्लाइन लेने से मना किया है तो वह स्लाइन क्यों लगा रही है। तब महिला वहां से वापस चली गई और अन्य कुछ मरीजों को स्लाइन व इंजेक्सन लगाकर गायब हो गई। बाद में चिकित्सालय की असली नर्स वहां पहुंची और मरीजों ने उसे उस महिला के बारे में बताया। नर्स ने जब इस बारे में सुरक्षा कर्मी से पूछताछ की तो वह गिड़गिड़ाने लगा। रविवार को यह मामला सामने आने के बाद जिला मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच के लिए कमेटी गठित की गयी है। पुलिस में भी शिकायत दर्ज करायी गयी।