ओडिशा में एक और किसान ने की खुदकुशी
ओडिशा में एक किसान ने कर्ज और फसल बर्बाद होने के कारण कीटनाशक खाकर अपनी जान दे दी।
जागरण संवाददाता, संबलपुर। ओडिशा में पहले सूखा, फिर चकड़ा कीड़ा और अब बेमौसम बरसात से बर्बाद हो रही फसल को लेकर किसानों की खुदकुशी का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा घटना में संबलपुर के मानेश्वर ब्लॉक के राशनपुर गांव निवासी कान्हू मुंडा (55) नामक एक और किसान ने कर्ज और फसल बर्बाद होने के कारण कीटनाशक खाकर अपनी जान दे दी। राज्य में 28 दिन में कर्ज व बर्बाद फसल को लेकर खुदकुशी करने वाले किसानों की संख्या आठ पहुंच गई है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के मानेश्वर ब्लाक अंतर्गत राशनपुर गांव निवासी कान्हू मुंडा ने भागीदारी में तीन एकड़ जमीन में फसल लगाई थी। इसके लिए उसने बैंक से 60 हजार रुपये से अधिक कर्ज ले रखा था। पहले सूखा, फिर चकड़ा कीड़ा, इसके बाद बेमौसम बरसात के कारण उसकी पूरी फसल बर्बाद हो गई। इसे लेकर वह परेशान था। सोमवार शाम के समय वह अपने खेत की ओर गया था, जहां बर्बाद फसल को देख हताशा में उसने खेत पर ही कीटनाशक खा लिया।
देर शाम घर लौटने पर जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिवार के लोगों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद किसान का शव उसके गांव लाया गया। इस घटना की जानकारी मिलने पर सदर तहसीलदार देवेंद्र नंद मृत किसान के गांव पहुंचे और मृतक के खेत जाकर बर्बाद फसल का आकलन किया तथा परिवार वालों से कर्ज आदि की जानकारी ली। परिवार वालों ने तहसीलदार को बताया कि फसल के लिए कान्हू ने 60 हजार रुपये से अधिक का कर्ज भी लिया था।