संबलपुर में सड़क पर उतरे किसान
धान बिक्री के लिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से नाराज पश्चिम ओडिशा के कई जि
संवाद सूत्र, संबलपुर : धान बिक्री के लिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से नाराज पश्चिम ओडिशा के कई जिलों में किसानों इसे हटाने की माग को लेकर गुरुवार को सड़क पर उतरे। संबलपुर जिले के किसानों ने स्थानीय बरेईपाली मंडी के सामने और बरगढ़ जिले में किसानों ने अताबिरा गोडभगा के बीच कोलकाता- मुंबई राजमार्ग पर धान से भरे बोरे और धान से लदे वाहनों को खड़ा कर राजमार्ग अवरोध कर दिया। वहीं, रेढ़ाखोल विधायक व सरकार के उपमुख्य सचेतक रोहित पुजारी ने संबलपुर में किसानों से मुलाकात कर उन्हें समझाने की कोशिश की। लेकिन किसान अपनी मांग पर अडे़ रहे। हालांकि शाम करीब चार बजे उन्होंने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
इस मौके पर रोहित पुजारी ने टोकन व्यवस्था का सरलीकरण करने का आश्वासन दिया जबकि किसान इस व्यवस्था को पूरी तरह हटाए जाने की माग की। किसानों का मानना है कि भुवनेश्वर से जारी टोकन व्यवस्था से किसानों को कोई लाभ नहीं होगा। किसानों को मंडियों में अपनी फसल बेचने में फिर से मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में यह व्यवस्था हटाया जाना जरूरी है। उधर, बरगढ़ में किसानों के पथावरोध के बाद पुलिस अधीक्षक पदमिनी साहू ने मौके पर पहुंच कर किसानों से चर्चा की और उन्हें अपना आदोलन खत्म करने के लिए समझाया बुझाया। लेकिन किसान अपनी मांग पर अडिग रहे।