दीवार ढहने से और एक की मौत, दो गंभीर
पिछले लगभग दस दिनों से जबतब हो रही बारिश से अबतक शहर में दो लोगों की मौत मिट्टी की दीवार ढहने के कारण उसके नीचे दबने से मौत हो चुकी है ।
संसू, संबलपुर : पिछले लगभग दस दिनों से जबतब हो रही बारिश से अबतक शहर में दो लोगों की मौत दीवार ढहने के कारण उसके नीचे दबने से हो चुकी है। जबकि अन्य कुछ घायल हुए हैं। मृतकों में एक महिला और एक युवक शामिल हैं। शुक्रवार की सुबह भी ऐसे ही एक हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही जान चली गई। जबकि अन्य दो घायलों को बुर्ला अस्पताल में भर्ती किया गया है। अईंठापाली पुलिस ने मृतक अजय मुंडा का शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह हादसा भालुपाली गांव के मालिपाड़ा में हुआ। गांव के कच्चे घर में तीन युवक सोये हुए थे। तभी बारिश से भीगी मिट्टी की दीवार अंदर की तरफ ढह गयी। दीवार के मलबे के नीचे तीनों युवक दब गए थे। दीवार ढहने की आवाज सुनकर पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों युवकों को मलबे से बाहर निकाला। तब तक अजय मुंडा की मौत हो चुकी थी। जबकि सुजीत मुंडा और अभिषेक पिगुआ को गंभीर हालत में बुर्ला अस्पताल में भर्ती कराया गया।