संबलपुर में फिर मुठभेड़, कुख्यात त्रिदेव बाग घायल
धनुपाली थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह कुलुथकानी इलाके में पुलिस से हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी त्रिदेव बाग घायल हो गया।
संवाद सूत्र, संबलपुर : धनुपाली थाना क्षेत्र में बीते दो सितंबर की सुबह सिटी स्टेशन के निकट डकैतों से मुठभेड़ के बाद मंगलवार की सुबह इसी थाना क्षेत्र के कुलुथकानी इलाके में हुई एक और मुठभेड़ में पुलिस की गोली से कुख्यात अपराधी त्रिदेव बाग घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने त्रिदेव के दो साथियों को भी पकड़ा है जबकि अन्य दो फरार हो गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी तमंचा, 2 जिदा कारतूस, एक बाइक, 3 मोबाइल फोन, सोने की 3 चेन और नकद 30 हजार जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, त्रिदेव और उसके साथी महिलाओं से सोने की चेन छीनते थे और रात के समय डकैती करते थे ।
पुलिस अधीक्षक कुंवर विशाल सिंह के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि धनुपाली थाना अंतर्गत कुलुथकानी-धनकौड़ा मार्ग में कुछ युवक हथियार के साथ जमा हैं और कहीं डकैती की योजना बना रहे हैं। ऐसे में स्पेशल स्क्वॉयड और धनुपाली पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देखकर त्रिदेव बाग ने एक राउंड गोली फायर किया। जवाब में पुलिस की ओर से भी एक राउंड फायर किया गया, जो त्रिदेव के पैर में लगी। ऐसे में अन्य युवकों में से दो भाग निकले जबकि पुलिस ने घायल त्रिदेव और उसके साथी दीपक मंडल समेत एक नाबालिग को घटनास्थल से पकड़ लिया। उनके पास से रुपये और सोने की चेन मिली। पुलिस के अनुसार, त्रिदेव के खिलाफ संबलपुर और देवगढ़ के विभिन्न थानों में आठ से अधिक मामले दर्ज हैं। त्रिदेव और उसके साथी चेन छिनतई के भी मामले में संलिप्त हैं।