शराबियों का नशा छुड़ा रहा है शराबी पकड़ो अभियान
रथयात्रा से देवगढ़ पुलिस ने शराबियों के खिलाफ शराबी पकड़ो अभियान नामक अनूठी मुहिम शुरू की गई ैहै।
संवाद सूत्र, बामड़ा: रथयात्रा से देवगढ़ पुलिस ने शराबियों के खिलाफ शराबी पकड़ो अभियान नामक अनूठी मुहिम शुरू की गई है। इस मुहिम से शराबियों की सामत आ गई है और पुलिस का यह अभियान नशेबाजों की लत छुड़ाने भी सफल रहा है। इस अभियान के तहत अब तक करीब डेढ़ दर्जन शराबियों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा जा चुका है। देवगढ़ एसपी राहुल जैन ने यह मुहिम आगामी गणेश पूजा तक जारी रहने की बात कही है।
उल्लेखनीय है कि देवगढ़ की प्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान नशेबाजों का उत्पात बढ़ जाता है। नशे में धुत होकर असामाजिक तत्वों के उत्पात के कारण रथयात्रा में भगवान का दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे नशेबाजों की मुश्क कसने के लिए देवगढ़ पुलिस ने यह अभियान शुरू किया है। इसके तहत पुलिस का शराबी पकड़ो वाहन पूरे अंचल का भ्रमण कर रहा है तथा नशा करने वाले लोगों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा जा रहा है। अबतक 15 से 20 शराबियों को दबोचा जा चुका है। शराबी पकड़ो गाडी देवगढ़ पौरांचल के बस्ती, गली और घने आबादी वाले अंचल में दिन रात गश्त लगा रही है। प्रसिद्ध प्रधानपाट वाटर फॉल के आसपास भी यह गाड़ी चक्कर काट रही है। देवगढ़ जिला पुलिस के इस अनोखे प्रयोग का फलाफल भी मिल रहा है। इस अभियान में एक बोलेरो और मिनी ट्रक को शराबी पकड़ो गाड़ी के रूप में लगाया गया है। पुलिस की ओर से इस अभियान को आगामी गणेश पूजा तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।