फिर बढ़ा तापमान, जनजीवन अस्तव्यस्त
मौसम विभाग का पूर्वानुमान सच साबित होने लगा है । चक्रवात फणि के बाद एक बार फिर से पूरे पश्चिम ओडिशा में तापमान बढ़ने लगा है।
संसू, संबलपुर : मौसम विभाग का पूर्वानुमान सच साबित होने लगा है । चक्रवात फणि के बाद एक बार फिर से पूरे पश्चिम ओडिशा में तापमान बढ़ने लगा है। पूर्वान्ह 10 बजे के बाद चिलचिलाती धूप में कहीं आना-जाना मुश्किल सा हो गया है। वहीं भीषण गर्मी के दौरान शीतल पेय का कारोबार खूब चमकने लगा है। गन्ना रस, लस्सी, कोल्ड ड्रिक्स, नींबू शरबत की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। गर्मी से छुटकारे के लिए लोगों को यह सब पसंद भी आ रहा है। अफसोस तो इस बात का है कि इस भीषण गर्मी में भी संबलपुर महानगर निगम की ओर से शहर के कुछ गिने चुने स्थानों में ही प्यासे राहगीरों के लिए प्याऊ खोले गए हैं। ऐसे में राहगीरों को अपनी प्यास बुझाने के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है।
मौसम विभाग की मानें तो 17 मई के बाद से समूचे पश्चिम ओडिशा में ग्रीष्म प्रवाह तेज हो जाएगा। जो 23 मई तक जारी रहेगा। इसके बाद पश्चिम ओडिशा में तापमान सामान्य होने की संभावना है। इलाके में न्यूनतम तापमान के बढ़ जाने से भी रात के समय लोगों की नींद खराब हो गयी है। उमस और मच्छर से लोग परेशान हो रहें हैं।
पश्चिम ओडिशा का तापमान :
टिटिलागढ़ - 43.5 डिग्री / 27 डिग्री
बलांगीर - 43.1डिग्री / 27 डिग्री
सोनपुर - 43 डिग्री/ 24.4 डिग्री
संबलपुर- 42.4 डिग्री / 27 डिग्री
हीराकुद- 42.2 डिग्री / 27 डिग्री
झारसुगुड़ा - 40.5 डिग्री / 27.4 डिग्री