पैतालिस डिग्री की दौड़ में संबलपुर भी शामिल
शहर के एक तट पर महानदी और नौ किलोमीटर दूर विश्व प्रसिद्ध हीराकुद बांध का विशाल जलभंडार होने के बावजूद संबलपुर पिछले एक सप्ताह से तप रहा है।
संसू, संबलपुर : शहर के एक तट पर महानदी और नौ किलोमीटर दूर विश्व प्रसिद्ध हीराकुद बांध का विशाल जलभंडार होने के बावजूद संबलपुर पिछले एक सप्ताह से तप रहा है। पूर्वाह्न से अपराह्न तक घर से बाहर निकलना मुश्किल सा होने लगा है। ऐसे में जब तब बिजली कटौती और मच्छरों के उपद्रव से लोग और अधिक परेशान हो रहें हैं। करीब एक सप्ताह पहले पूर्वी ओडिशा में चक्रवात फणि की वजह से बारिश के बाद कुछ जिलों का तापमान कम हुआ। लेकिन पश्चिम ओडिशा में तापमान बढ़ने लगा। बलांगीर जिला का टिटिलागढ़ शहर अब तक अपने तापमान को लेकर ओडिशा में सबसे ऊपर है। शुक्रवार को टिटिलागढ़ का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भुवनेश्वर मौसम विभाग ने 12 मई तक पश्चिम ओडिशा के 11 जिलों के लिए हीटवेव येलो अलर्ट जारी करने समेत लोगों से बिना वजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 12 मई तक संबलपुर, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, बलांगीर, बरगढ़, देवगढ़, सोनपुर, बौद्ध, कालाहांडी, अनुगुल और नुंआपाड़ा जिला में तापमान 2 से 4 डिग्री अधिक बढ़ सकता है। ऐसी भीषण गर्मी में बाहर निकलने से पहले सतर्कता बरतने की सलाह दी गयी है।
गुरुवार को टिटिलागढ़ का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री, बलांगीर और सोनपुर का 45.4 डिग्री समेत संबलपुर का 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झारसुगुड़ा, बरगढ़, देवगढ़ में भी तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहा।