गोवा गए युवक की समुद्र में डूबने से मृत्यु
खनिज संपदा से परिपूर्ण सुंदरगढ़ जिले में युवाओं को काम नहीं मिल रहा है एवं वे बंधुआ मजदूरी के लिए बाहर जा रहे हैं।
जासं, राउरकेला : खनिज संपदा से परिपूर्ण सुंदरगढ़ जिले में युवाओं को काम नहीं मिल रहा है एवं वे बंधुआ मजदूरी के लिए बाहर जा रहे हैं। सुंदरगढ़ जिले के बालीशंकरा ब्लॉक के सागबहाल गांव निवासी 23 वर्षीय सुभाष एक्का समुद्र में मछली मारने वाली नाव में फंस गया एवं उसकी मृत्यु हो गई। सुंदरगढ़ जिले के बालीशंकरा ब्लॉक के सागबहाल निवासी हीरालाल एक्का के दो बेटे 26 वर्षीय किशोर एक्का एवं 23 वर्षीय सुभाष एक्का काम की तलाश में अगस्त 2021 में मजदूरी के लिए मंगलुरु गए थे। घर में बूढ़े माता पिता को छोड़ कर वहां दोनों मछली मारने का काम करते थे। 11 जनवरी के दिन समुद्र में मछली मारने के दौरान सुभाष नाव से गिर गया एवं डूब बया। एक दिन बाद उसका शव समुद्र में मिला। वहां की पुलिस के द्वारा शव को जब्त किया गया एवं पोस्टमार्टम कराया गया। इसकी खबर मिलने पर गांव में शोक ही लहर है। किशोर एक्का अपने भाई का शव लेकर गांव आ रहा है। यहां उसका अंतिम संस्कार होगा। ब्राह्मणी नदी में मिले अज्ञात शव की हुई पहचान : लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र में ब्राह्मणी नदी के ठाकुरपली घाट के पास मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान कर ली गई है। वह बणई ब्लॉक के झारबेड़ा गांव की रहने वाली है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा गया। झारबेड़ा निवासी 64 वर्षीय अन्नपूर्णा राणा तीन दिन पहले घर से निकली थी और नहीं लौटी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र के ठाकुरपाली गांव में शव मिलने की सूचना पाकर परिवार के लोग थाना पहुंचे और उसकी पहचान की। पुलिस द्वारा अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है।