पेड़ गिरने से युवक घायल, 13 बकरी व सात भेड़ों की मौत
सुंदरगढ़ जिले के विभिन्न हिस्सों में मानसून जारी है। सोमवार को इसका कहर भी देखने को मिला।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : सुंदरगढ़ जिले के विभिन्न हिस्सों में मानसून जारी है। सोमवार को इसका कहर भी देखने को मिला। नुआगांव ब्लॉक के कोकरमा पंचायत के बंटा गांव में भारी बारिश के कारण एक बड़ा पेड़ घर के उपर गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नुआगांव ब्लॉक के कोकरमा पंचायत के बंटा गांव में शनिवार रात भारी बारिश हुई थी। जिसके कारण एक बड़ा पेड़ रमेश गंझू के घर के उपर गिर गया। पेड़ गिरने से रमेश गंझू गंभीर रूप से घायल हो गया। पेड़ के नीचे फंसे रमेश को ग्रामीणों ने बचा लिया और इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल भेज दिया। घटना में उसके पिता और मां भी घायल हो गए। वहीं पेड़ गिरने से घर के अंदर मौजूद तेरह बकरियां और सात भेड़ों की दबकर मौत हो गई है। घटना की जानकारी पाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लिया। इधर सोमवार को भी जिले में बारिश हो रही थी।