रानी सती दादी के ज्योत रथ का भव्य स्वागत
जागरण संवाददाता, राजगांगपुर: ब्रजराजनगर में रानी सती दादी के नवनिर्मित मंदिर के लिए मंगलवार
जागरण संवाददाता, राजगांगपुर: ब्रजराजनगर में रानी सती दादी के नवनिर्मित मंदिर के लिए मंगलवार को बीरमित्रपुर के झुंझुनु धाम स्थित रानी सती दादी मंदिर से भव्य ज्योत रथ निकाला गया। इस रथ के राजगांगपुर पहुंचने पर दादी भक्तों की ओर से इसका भव्य स्वागत किया गया। ब्रजराजनगर में रानी सती दादी के नवनिर्मित मंदिर के लिए आगामी 29 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा एवं महामंगल पाठ होगा।
मंगलवार को बीरमित्रपुर से रानी सती दादी जी के भक्तो द्वारा दादी का रथ निकालकर वेदव्यास लाया गया। यहां पर ज्योत रथ का दर्शन करने के लिए दादी के भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। वेदव्यास से निकलने के बाद यह रथ राजगांगपुर पहुंचने पर यहां पर भी दादी के भक्तों ने रथ का जोरदार स्वागत किया। यह रथ रानीबंध से होकर सुभाष चौक पहुंचने के बाद पूरा सुभाष चौक रानी सती दादी के जयकारे से गूंज उठा। वहां से मुख्य मार्ग होकर यह रथ कम्युनिटी सेंटर तक पहुंचा। यहां पर रथ का दर्शन करने राजगांगपुर के दादी भक्तो की भीड़ उमड़ पड़ी। जिसमें सभी भक्तों के होठों पर एक ही आवाज थी रानी सती दादी की जय, रानी सती दादी की जय। यहां पहुंचे दादी भक्तों ने दादी का पाठ पढ़ते हुए उनके दर्शन किए। यह रथ राजगांगपुर से बडगांव होते हुए झारसुगुड़ा से होकर ब्रजराजनगर स्थित रानी सती दादी के नवनिर्मित मंदिर के लिए रवाना हुआ। राजगांगपुर में रथ का स्वागत करने वालों में बबलू अग्रवाल, ब्रिजेश अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, नीरज तुलस्यान, राजेश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल व अन्य दादी भक्त उपस्थित थे।