विश्वकप हॉकी टीम में शहर के वीरेंद्र व अमित शामिल
विश्वकप पुरुष हॉकी मैच के लिए घोषित 18 सदस्यीय भारतीय टीम में अमित रोहिदास एवं सेल हॉकी अकादमी राउरकेला के वीरेंद्र लकड़ा को शामिल किया गया है।
राउरकेला, जेएनएन । विश्वकप पुरुष हॉकी मैच के लिए घोषित 18 सदस्यीय भारतीय टीम में राउरकेला पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल के अमित रोहिदास एवं सेल हॉकी अकादमी राउरकेला के वीरेंद्र लकड़ा को शामिल किया गया है। कलिंग स्टेडियम में 28 नवंबर से होने वाले विश्वकप हॉकी में दोनों खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टीम में शामिल डिफेंडर वीरेंद्र लकड़ा राउरकेला इस्पात संयंत्र अधीनस्थ सेल हॉकी अकादमी के हैं एवं कोच राजूकांत साइनी व पीटर तिर्की से प्रशिक्षण लेते रहे हैं। वहीं डिफेंडर अमित रोहिदास पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल के हैं एवं उन्हें कोच विजय लकड़ा एवं अमूल्यानंद बिहारी प्रशिक्षण दिया है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान दिलीप तिर्की ने विश्वकप के लिए चयनित भारतीय टीम को संतुलित बताया है। इस टीम में ओडिशा के राउरकेला के दो खिलाड़ियों का शामिल होना और खुशी की बात है। अपने क्षेत्र के प्रशंसकों के बीच बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
उन्होंने भारतीय टीम के सेमीफाइनल तक जाने की उम्मीद जताई है। कोच अमूल्यांनद बिहारी ने कहा कि दोनों की खिलाड़ी काफी मेहनती है एवं विश्व कप टीम में शामिल होना हमारे लिए गौरव की बात है। विश्वकप के लिए चुने जाने पर साथी खिलाड़ियों में भी हर्ष है। उन्होंने इसे ओडिशा के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि विश्वकप में जीतने पर ओडिशा के साथ साथ देश का नाम रोशन होगा और हमारा गौरव और बढ़ेगा।