लूट व छिनतई के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार
शहर में लूट एवं छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को छेंड थाना की पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
जासं, राउरकेला : शहर में लूट एवं छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को छेंड थाना की पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से लूटी गई चेन एवं इसमें प्रयुक्त एक बाइक को जब्त किया गया है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
मालगोदाम बस्ती क्षेत्र के पप्पू साहू, करण गड़तिया एवं विवेक साहा की झीरपानी, छेंड कालोनी, सेक्टर-7 इलाके में हुई घटनाओं में तलाश थी। 10 अप्रैल की शाम करीब साढ़े पांच बजे छेंड कालोनी की अन्नपूर्णा महापात्र पर हमला कर उसकी सोने की चेन छीन ली थी। इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस के द्वारा तीनों आरोपितों को पकड़ा गया एवं उनके पास से अन्नपूर्णा की चेन व लूट में प्रयुक्त सीबीजेड बाइक को जब्त किया गया। इनके द्वारा झीरपानी थाना क्षेत्र में दो, सेक्टर-7 थाना क्षेत्र में एक लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। सिहिडीहा में घर के सामने से बाइक की चोरी : महुलपादा थाना अंतर्गत सिहिडीहा गांव निवासी सत्यनारायण साहू की बाइक उसके घर से चुरा ली गई। इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सत्यनारायण साहू ने दोपहर को अपने घर के पास होंडा साइन बाइक खड़ी की थी। दोपहर बाद जब घर से बाहर निकले तो बाइक वहां नहीं थी। आसपास खोजबीन करने के बाद भी पता नहीं चलने पर थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। वाहन से डीजल चोरी करते युवक पकड़ाया : राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करते एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। लाठीकटा ब्लाक के नुआगांव निवासी रहमान अंसारी लाठीकटा थाना के पास सड़क के किनारे खड़े वाहनों से डीजल निकाल कर बेचा करता था। इस संबंध में ट्रक मालिकों ने पुलिस से शिकायत भी की थी। शनिवार की शाम को वह हमेशा की तरह डीजल चुरा रहा था तभी उसे पुलिस के द्वारा दबोच लिया गया। उसके पास से चोरी का डीजल भी बरामद किया गया है।