लगातार ड्यूटी करने से मना करने पर सुरक्षा गार्ड को पीटा
एक निजी सिक्यूरिटी संस्था के संचालक की दबंगई सामने आई है।
जासं, राउरकेला : एक निजी सिक्यूरिटी संस्था के संचालक की दबंगई सामने आई है। इस संबंध में संस्था के कर्मचारी द्वारा लगातार ड्यूटी करने से मना करने पर उसपर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस एक मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
बासंती कॉलोनी एफइ-51 निवासी दिव्य रंजन पाणिग्राही उक्त निजी सिक्यूरिटी संस्था में गार्ड के तौर पर कार्यरत है। चार अप्रैल को इंडस्ट्रियल एरिया स्थित रिमार्क नामक एक संयंत्र में शाम 6 से सुबह 6 बजे तक उसकी ड्यूटी थी। आरोप है कि रात 11 बजे संस्था का मालिक उसके पास पहुंचा। उसे बताया कि 5 अप्रैल को उसे सुबह 9 से शाम 5 बजे तक छेंड़ कॉलोनी स्थित एक स्कूल में ड्यूटी करने की है। सुबह 6 बजे एक ड्यूटी समाप्त कर 9 बजे फिर से एक ड्यूटी जाने के लिए दिव्यरंजन राजी नहीं हुआ। यह सुनकर संस्था का मालिक भड़क गया तथा बांस से उसकी पिटाई कर दी। दिव्यरंजन ने पुलिस को बताया है कि घर जाने की बात कहने पर संस्था के मालिक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करते एक युवक पकड़ाया, तीन फरार : ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने के दौरान स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ने के साथ उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। ब्राह्मणीतरंग थाना अंतर्गत बिजलाटोला निवासी मनोज कुम्हार कोमल ने अपना ट्रैक्टर घर के सामने खड़ा किया था। बुधवार की रात बीरमित्रपुर थाना अंचल का दीपक कांडूलना उक्त ट्रैक्टर से बैटरी खोल रहा था। इस दौरान कुत्ता भौंकने पर मनोज की नींद खुल गई। उसने देखा की तीन लोग ट्रैक्टर से बैटरी खोल रहे। उसके शोर मचाने पर गांव के लोग भी जाग गए और तीनों युवकों को दौड़ा लिया। इसमें एक दीपक कांडूलना को पकड़ लिया गया। जबकि उसके दो साथी भाग निकले। लोगों ने दीपक की पिटाई करने के बाद पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। पुलिस ने दीपक को अस्पताल में भर्ती कराया तथा फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।