नवविवाहिता की हत्या कर फंदे पर लटकाया, जमानत पर छूटे आरोपित पति व ससुर फरार
सुंदरगढ़ में नवविवाहिता की हत्या कर फंदे पर लटकाने के बाद जेल के बाद जमानत पर छूटे पति और ससुर फरार हो गए हैं। विभूति बेहरा ने कुंचिंडा की सुंदरी बेहरा से दो महीने पहले ही शादी की थी। शादी के दिन से पति और पत्नी में अनबन थी।
राउरकेला, जागरण संवादाता। सुंदरगढ़ जिले के बणई थाना अंतर्गत टिकायतपाली थाना क्षेत्र के सरसरा गांव में नवविवाहिता की हत्या कर फंदे पर लटकाने के बाद आरोपित एसबेस्टस वाले घर का छप्पर तोड़ कर फरार हो गया। दो महीने पहले ही वैदिक रीति से उनकी शादी हुई थी और शुरुआत से ही उनके बीच अनबन थी। आरोपित पति एवं ससुर पहले भी हत्या के एक मामले में जेल गए थे अब जमानत पर हैं। सुंदरी की हत्या के बाद दोनों फरार हैं। घटना की सूचना मिलते ही टिकायतपाली थाना की पुलिस साइंटिफिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर इसकी जांच में जुटी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार टिकायतपाली थाना अंतर्गत सरसरा गांव निवासी विभूति बेहरा ने कुंचिंडा की सुंदरी बेहरा से दो महीने पहले ही शादी की थी। शादी के दिन से पति और पत्नी में अनबन थी। बुधवार की दोपहर भी उनके बीच झगड़ा हुआ था। पास पड़ोस के लोगों ने हस्तक्षेप कर शांत किया था। गुरुवार की सुबह उनके कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर सुंदरी को फंदे पर लटका देखा।
इस संबंध में सूचना मिलने पर टिकायतपाली पुलिस साइंटिफिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और इसकी छानबीन शुरु की। पति विभूति व ससुर मालू बेहरा फरार हैं। घर का छप्पर टूटा होने के कारण उस रास्ते से होकर उनके फरार होने की बात कही जा रही है। पुलिस द्वारा लाश को जब्त किया गया है। इस संबंध में सुंदरी के मायके वालों को सूचित किया गया है। उनके आने के बाद लाश का पंचनामा व पोस्टमार्टम होगा। उनसे पूछताछ करने पर हत्या के सुराग हाथ लग सकते हैं। पुलिस फिलहाल मामला दर्ज कर घटना के विभिन्न पहलुओं पर छानबीन करने के साथ ही दोनों आरोपितों की तलाश कर रही है। रात को घटना को अंजाम देने के बाद उनके फरार होने की आशंका जतायी जा रही है।