Move to Jagran APP

बरगढ़ में 11 दिनों तक शासन करता है कंस

ओडिशा का एक गांव ऐसा है जहां हर साल 11 दिनों तक कंस महार

By JagranEdited By: Published: Fri, 16 Nov 2018 11:36 PM (IST)Updated: Fri, 16 Nov 2018 11:36 PM (IST)
बरगढ़ में 11 दिनों तक शासन करता है कंस
बरगढ़ में 11 दिनों तक शासन करता है कंस

मुकेश सिन्हा, राउरकेला : ओडिशा का एक गांव ऐसा है जहां हर साल 11 दिनों तक कंस महाराज जनता पर हुकूमत करते हैं। जनता ही नहीं मंत्री, संतरी, डीएम और पुलिस कप्तान तक उनके आदेश का पालन करते हैं। कंस महाराज सड़कों पर घूम कर व्यवस्था का जायजा लेते हैं। बढि़या काम के लिए अफसरों को पुरस्कृत व दंडित भी करते हैं। एक मर्तबा आधुनिक ओडिशा के निर्माता पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बीजू पटनायक को भी कंस महाराज सजा सुना चुके हैं।

loksabha election banner

यदि आप यह नजारा देखना चाहते हैं तो इस साल 11-21 जनवरी को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से 320 किलोमीटर दूर बरगढ़ जिला जरूर चले आइए। वर्ष 1948 से यहां पर धनु यात्रा आयोजित होती चली आ रही है। यह यात्रा विश्वस्तर पर पहचान बना चुकी है। बरगढ़ जिले को गिनिज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में सबसे बड़े रंगमंच (ओपेन) की मान्यता मिली हुई है, क्योंकि धनुयात्रा के दौरान पूरा शहर ही रंगमंच में तब्दील हो जाता है।

बरगढ़ के दूसरे आश्चर्य महाभारत काल के शासक कंस महाराज हैं। जिनका नाश खुद भगवान श्रीकृष्ण ने किया था। उसी कंस महाराज को धनु यात्रा के दौरान लोग बरगढ़ में हीरो मानते हैं। कंस महाराज को एक बेहतरीन शासक, प्रजा की देखभाल करनेवाला राजा और दंडविधान को सुचारू रूप से लागू करनेवाला शासक माना जाता है। उनके शासन में उनकी प्रजा खुशहाल रहती है।

------

हर कोई मानता है कंस का आदेश

धनु यात्रा के दौरान केवल कंस महाराज की ही चलती है। यहा मंत्री, संतरी, डीएम, एसपी यानी सभी कंस महाराज के दरबार में हाजिरी लगाते हैं। एक बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे स्व. बीजू पटनायक को भी कंस महाराज सजा सुना चुके हैं। यात्रा के दौरान कंस महाराज शहर में घूम-घूम कर विकास कार्यो का जायजा लेते हैं। गलती देखकर फटकार लगाना और अच्छे काम देखकर पुरस्कार देना उनके शासन का एक अहम कार्य है। बरगढ़ की जनता भी कंस महाराज को भरपूर सम्मान देती है। उनके हर आदेश का पूरी तरह पालन करती है। कोशिश होती है कि किसी तरह से उनके आदेश की नाफरमानी नहीं हो।

---

बदल जाते हैं गांव और नदी के नाम

धनु यात्रा के दौरान बरगढ़ शहर मथुरा में तब्दील हो जाता है। जबकि शहर से सटा अंबापाली गोपापुर बन जाता है। इन दोनों के बीच बहनेवाली जीरा नदी युमना नदी में तब्दील हो जाती है। इस दौरान यहा इन्हीं नामों से बरगढ़ शहर, अंबापाली गाव और जीरा नदी को पुकारा जाता है। हाथी पर सवार होकर कंस महाराज शहर घूम-घूम कर अपने शासन का एहसास दिलाते हैं।

---

दरबार में प्रजा सुनाती हैं समस्याएं

इस दौरान कंस महाराजा का दरबार भी आयोजित होता है। जनता अपनी समस्याएं लेकर पहुंचती है। बिजली, पानी, सड़क व स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं जनता महाराज के समक्ष रखती है। महाराज कंस फरमान जारी कर संबंधित अधिकारी को दरबार में हाजिर होने के लिए कहते हैं। अधिकारियों को महाराजा कंस की फटकार भी सुननी पड़ती है।

----

सात दशक पुरानी है यह धनुयात्रा

धनुयात्रा करीब सात दशक पुरानी है। देश आजाद होने के एक साल बाद वर्ष 1948 में इस उत्सव की शुरुआत हुई। तब से यह जारी है। देश-विदेश से लोग धनु यात्रा को देखने के लिए बरगढ़ आते हैं। आयोजन में जिला प्रशासन की भूमिका अहम होती है। आयोजन समिति के साथ मिलकर सारी व्यवस्था सुचारु की जाती है, ताकि किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

---

कंस के वध से समापन

धनु यात्रा के दौरान भले ही कंस महाराज को हीरो की तरह प्रजा मानती है, लेकिन उनका अंत भगवान श्रीकृष्ण के हाथों होता है। महाभारत के कंस वध वाले अध्याय का यहा विधिवत मंचन किया जाता है। कंस वध के साथ ही धनु यात्रा संपन्न होती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.