डकैती की योजना का भंडाफोड़, पिस्तौल के साथ चार गिरफ्तार
सेक्टर-7 थाना की पुलिस ने डकैती की योजना का भंडाफोड़ करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया जबकि दो फरार हो गए।
जासं, राउरकेला : सेक्टर-7 थाना की पुलिस ने डकैती की योजना का भंडाफोड़ करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया जबकि दो फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक पिस्तौल तथा एक कार जब्त की गई है। इनके खिलाफ मामला दर्ज कर चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सेक्टर-7 थाना की गश्ती पुलिस ने क्षेत्र में अंधेरे में बैठे युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे। इसमें से वेदव्यास सिंह टोला के ब्रजेश सिंह, नाला रोड के मो. जलील, शीतलपाड़ा के राहुल यादव व मालगोदाम क्षेत्र के राजेश सिंह को पकड़ लिया गया। इनके पास से एक पिस्तौल के साथ एक कार को जब्त किया गया। सप्ताह भर पहले 1 जनवरी को भी सेक्टर-6 के एच ब्लाक दुर्गा पूजा मैदान में बैठकर डकैती की योजना बना रहे एक युवक राहुल यादव को पकड़ा गया था। अन्य फरार हो गए थे। राहुल की निशानदेही के आधार पर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। ग्रामीण ने धान लदे ट्रक को पकड़कर पुलिस को सौंपा : लहुणीपड़ा ब्लाक अंतर्गत डलेइसरा पंचायत के पाथरपुंजी गांव में अवैध धान लदे ट्रक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक में अवैध रूप से धान की ढुलाई हो रही थी। इसे महुलपादा लैंपस में भेजा जा रहा था। जहां से सरकारी दाम पर उसे बेचने की योजना थी। ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया व महुलपादा चौकी पुलिस को सूचित किया। पुलिस द्वारा ट्रक को जब्त कर लिया गया है जिसमें तीन सौ बोरा धान लदा था। इसकी सूचना बणई उपजिलापाल को दी गई है। धान कहां से लाया जा रहा था, इसका पता नहीं चल सका है। बड़गांव में आग लगने दो किसानों के खलिहान खाक : बड़गांव ब्लाक के पांडेरपाली एवं तुरीपोष गांव में पुआल के ढेर में आग लगने की दो घटनाएं सामने आई हैं। अग्निशमन विभाग की ओर से आग पर काबू पाया लेकिन तबतक खलिहान जलकर खाक हो चुके थे। पांडेरपाली गांव के सुरेश कंडरा के घर के पास ही उसका खलिहान है। शुक्रवार की शाम को पुआल के ढेर में आग लग गई। तूरीपोष गांव में भी किसान के खलिहान में आग लगने से धान व पुआल जल गया है। अग्निशमन विभाग कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।