इंजीनियरिंग छात्रा से दुष्कर्म मामले की जांच को रेल पुलिस जाएगी झारखंड
राउरकेला में इंजीनिय¨रग कर रही छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच को रेल पुलिस झारखंड जाएगी।
राउरकेला, जेएनएन। राउरकेला में इंजीनियरिंग कर रही छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म कांड की जांच करने के लिए राउरकेला रेल पुलिस की टीम झारखंड जाएगी। रेल एसपी एपी स्वांई ने बताया कि वारदात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मामला दर्ज करने समेत तीन सदस्यीय टीम को जांच के लिए झारखंड रवाना कर दिया गया है।
एसपी ने बताया कि पीड़िता ने रेल पुलिस को जो घटनास्थल बताया था वहां पुलिस जांच कर चुकी है। आरोपितों का पता लगाने टीम भेजी जा चुकी है। बुधवार शाम को विभागीय अधिकारियों के साथ जरूरी बैठक के बाद गुरुवार को एक और पांच सदस्यीय टीम को झारखंड के लिए रवाना किया जाएगा। उन्होनें कहा कि किसी भी हालत में आरोपितों को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़िता को न्याय दिलाना मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए रेल पुलिस पूरी ताकत झोंक देगी।
उल्लेखनीय है कि झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिला अंतर्गत लोटापहाड़ इलाके में ओडिशा की इंजीनियरिंग छात्रा से पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। झारखंड के अलग-अलग थानों में वह शिकायत दर्ज कराने के लिए घूमती रही लेकिन कहीं भी उसकी तहरीर तक नहीं ली गई।