कोरोना योद्धाओं के लिए वट वृक्ष को बांधी राखी
देश भर में हजारों लोग कोरोना से संक्रमित होकर अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
जासं, राउरकेला : देश भर में हजारों लोग कोरोना से संक्रमित होकर अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। अपनी जान की परवाह किए बगैर चिकित्सक, नर्स, पुलिस कर्मी और सफाई कर्मी महामारी के इस दौर में लोगों की जान बचाने में जुटे हैं। इन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करते हुए बुधवार को वेदव्यास में महिलाओं ने वटवृक्ष को राखी बांधकर पूजा-अर्चना की। कोराना संक्रमण के चलते देश की आर्थिक हालत दयनीय हो गई है। लोगों का काम-धंध बंद है। घरों से निकलने पर रोक होने के कारण लोग कहीं आ-जा नहीं पा रहे हैं। इस संकट काल में कोरोना योद्धा ही सहारा हैं। उन्हें भगवान से शक्ति मिले एवं वट वृक्ष की भांति हर संकट का सामना कर सकें, इसकी कामना करते हुए रक्षा सूत्र बांध कर पूजा अर्चना की गई। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद्र जेना की अगुवाई में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सावित्री देवी, गुडिया कुमारी, रानी कुमारी, संध्यारानी जेना, मालती देवी, कंचन जेना समेत अन्य लोग शामिल हुए।