पिटाई से गर्भवती पत्नी की हालत गंभीर, पति गिरफ्तार
प्लांट साइट पुलिस ने ट्रैफिक गेट अंचल निवासी शंभू साहू की गर्भवती बेटी अभिज्ञा साहू की पिटाई के मामले में उसके पति शिव कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : प्लांट साइट पुलिस ने ट्रैफिक गेट अंचल निवासी शंभू साहू की गर्भवती बेटी अभिज्ञा साहू की पिटाई के मामले में उसके पति शिव कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
प्लांट साइट थाना अंतर्गत ट्रैफिक गेट अंचल निवासी शिव कुमार साहू का विवाह पानपोष बस्ती निवासी शंभू साहू की बेटी अभिज्ञा साहू के साथ 6 माह पहले हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग कर अभिज्ञा को पति व ससुराल वाले शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। विगत आठ जुलाई को दामाद शिव कुमार साहू समेत ससुर राजकुमार साहू, जेठ नवीन साहू ने दहेज के लिए फिर से अभिज्ञा को प्रताड़ित करते हुए उसकी पिटाई कर दी। अभिज्ञा गर्भवती होने के कारण उसके पेट में दर्द शुरू हो गया। अभिज्ञा से इसकी सूचना पाकर शंभू साहू बेटी की ससुराल ट्रैफिक गेट जाकर उसे राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। घटना की जानकारी पाकर महिला नेता रीता सिंह शंभू साहू को साथ लेकर प्लांट साइट थाना में जाकर शिव कुमार साहू, ससुर राजकुमार साहू एवं जेठ नवीन साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इधर, थाना में मामला दर्ज होने की जानकारी होने पर पति शिव कुमार साहू अस्पताल पहुंच कर पत्नी अभिज्ञा को धमकाने लगा। इसी बीच पुलिस ने वहां पहुंचकर आरोपित शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया।