उत्कल ट्रेन की चपेट में आने से एक घायल
एफसीआइ बस्ती के पास बुधवार की दोपहर उत्कल ट्रेन की चपेट में आने से मालगोदाम खटाल बस्ती निवासी दैनिक मजदूर अश्वनी चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जासं, राउरकेला : एफसीआइ बस्ती के पास बुधवार की दोपहर उत्कल ट्रेन की चपेट में आने से मालगोदाम खटाल बस्ती निवासी दैनिक मजदूर अश्वनी चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले राउरकेला सरकारी अस्पताल फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए बुर्ला मेडिकल रेफर किया गया है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अश्वनी बुधवार की दोपहर एफसीआइ बस्ती में शराब पीने गया था। जहां से वह रेललाइन पार कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उत्कल ट्रेन पटरी पर आ रही थी। जिसे वह हाथ देकर रोकने का इशारा कर लाइन पार हो रहा था। लेकिन ट्रेन तेज गति में होने के कारण उसे टक्कर मार दिया। ट्रेन की टक्कर के बाद वह किनारे गिर पड़ा। जिससे उसे सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस की मदद से राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से बुर्ला मेडिकल रेफर किया गया है। ट्रांसफार्मर से तीन क्वायल चोरी : सुंदरगढ़ जिले के सरबहाल स्थित ट्रांसफार्मर के तीन क्वायल चुरा लिए गए है। इसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है। घटना सोमवार रात की है। इसकी जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के अभियंता की ओर से थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। डीजल चोरी में दो लोग गिरफ्तार : हेमगिर थाना क्षेत्र के डुडुका स्थित बालाजी ठेका संस्था के कैंप से डीजल चोरी करने के आरोप में संस्था के चालक एवं एक स्थानीय दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। कंपनी का वाहन चालक 39 वर्षीय पद्मन नायक कैंप से डीजल चोरी कर डुडका के एक दुकानदार मो. कयूम को बेचता था। कंपनी मैनेजर की ओर से थाने में इसकी शिकायत के बाद छानबीन शुरू की गई। इस मामले में आरोपित पद्मन और दुकानदार मो. कयूम को गिरफ्तार किया गया। उसके ठिकाने से चोरी का 50 लीटर डीजल भी बरामद किया गया है।