निजामुद्दीन मरकज से सुंदरगढ़ लौटे लोगों में 12 की रिपोर्ट निगेटिव
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के जलसे में शामिल होने वाले जिले के 21 में से 12 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के जलसे में शामिल होने वाले जिले के 21 में से 12 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे उनके संपर्क में रहे शहर के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब आइसोलेशन में रखे गए और नौ लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है।
इन 21 लोगों में 11 विदेशी, राउरकेला शहर के नौ एवं बणई शहर का एक व्यक्ति शामिल है। राउरकेला शहर के जामा मस्जिद में ठहरे 11 विदेशी नागरिकों को राउरकेला सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखकर इनका नमूना संग्रह कर भुवनेश्वर भेजा गया था। बुधवार की रात को 12 लोगों की रिपोर्ट आने पर सभी सभी कोरोना निगेटिव पाए गए। वहीं लॉक डाउन से तीन दिन पहले चार मौलवी राउरकेला छोड़ चुके थे। इसी तरह निजमुद्दीन मरकज में शामिल होने के लिए राउरकेला शहर से नौ तथा बणई से एक व्यक्ति गया था। तब्लीगी जमात का साप्ताहिक कार्यक्रम राउरकेला के सेक्टर-15 स्थित मस्जिद सहित जिले की अन्य मस्जिदों में भी हुआ है। शेष नौ लोगों की रिपोर्ट आने के बाद ही राउरकेला में कोरोना की स्थिति साफ हो पाएगी।
झारखंड के कोल्हान जा रहे सात मजदूर रोके गए
लॉक डाउन में रेल पटरी पकड़कर पैदल ही झारखंड जा रहे कोल्हान प्रमंडल के सात मजदूरों को गुरुवार को आरपीएफ ने राउरकेला शहर के मालगोदाम अंचल में रोक लिया। इनमें पांच मजदूर सरायकेला-खरसावां जिले के तथा दो मजदूर पश्चिम सिंहभूम जिले के है। इन सभी को उदितनगर में राउरकेला महानगरपालिका द्वारा बनाए गए आश्रय स्थल में रखा गया है। ये सभी मजदूर संबलपुर जिले के रेंगाली में एक सरिया फैक्ट्री में काम कर रहे थे। राउरकेला आरपीएफ के ओसी गणेश पांडेय के अनुसार, इन मजदूरों में सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के मरंडाहाथी पंचायत के जुआजींझीर गांव के रामलाल गोप, डोमन हजाम, श्रवन गोप, लवकिशोर गागराई व राजेंद्र गागराई, पश्चिम सिंहभूम जिले के झींकपानी प्रखंड अंतर्गत सोनडीह गांव के हाथीमुंडा टोला निवासी जोकला आल्डा तथा सोनुवा प्रखंड के गोलमुंडा गांव निवासी विशाल बानरा शामिल है।