चुनाव में नए सूरमाओं ने दी है दस्तक
आम चुनाव व ओडिशा विधानसभा चुनाव-2019 में सुंदरगढ़ जिले की
जागरण संवाददाता, राउरकेला : आम चुनाव व ओडिशा विधानसभा चुनाव-2019 में सुंदरगढ़ जिले की राजनीति में इस बार कई नए सूरमाओं ने दस्तक दी है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री की पुत्री, पूर्व सासंद पुत्र व विधायक पुत्र शामिल है। इसके अलावा वे नए चेहरे भी शामिल हैं, जिनपर राजनीतिक दलों ने अपना दांव लगाया है। चुनाव में इनका प्रदर्शन बेहतर रहेगा या बदतर, इसका पता तो चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चल सकेगा।
इस बार चुनाव में सुंदरगढ़ लोकसभा सीट से लेकर तलसरा, राजगांगपुर, बीरमित्रपुर, रघुनाथपाली, बणई, राउरकेला तथा सुंदरगढ़ सदर सीट पर विभिन्न दलों के प्रत्याशी समेत निर्दलीय सूरमा मैदान में उतरे हैं। राउरकेला सीट की बात करें तो यहां पर नई सूरमा के रूप में कोसल जनता दल की प्रत्याशी सूरमा मिश्र, निर्दलीय पीतवास प्रधान मैदान में हैं। तलसरा में भाजपा प्रत्याशी भवानी भोई, बीजद प्रत्याशी स्टीफेन सोरेंग, राजगांगपुर में कांग्रेस के प्रत्याशी व पूर्व सांसद क्रिस्टोफर एक्का के पुत्र डा. राजन एक्का, भाजपा प्रत्याशी नरसिंह मिज, बीरमित्रपुर में कांग्रेस के प्रत्याशी रोहित जोसेफ तिर्की, रघुनाथपाली में बीजद से पाला बदलकर कांग्रेस में पहुंचे प्रशांत सेठी, बणई में भाजपा प्रत्याशी अनिल बार्ला, सुंदरगढ़ सदर सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद बिस्वाल की छोटी पुत्री अमिता बिस्वाल, बीजद छोड़कर भाजपा में पहुंची कुसुम टेटे के साथ-साथ सुंदरगढ़ लोकसभा सीट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद बिस्वाल की बड़ी बेटी सुनीता बिस्वाल नए सूरमा के रूप में चुनाव मैदान में हैं।