हर-हर महादेव से गूंजायमान रहा शहर
महाशिवरात्रि पर शहर व आसपास के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : महाशिवरात्रि पर शहर व आसपास के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना, जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में लोगों का तांता लगा रहा। 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने वेदव्यास संगम पर स्नान कर अभिषेक किया। शिवरात्रि पर सभी मंदिर कमेटी की ओर से भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये थे। शाम से ही मंदिरों में मनोकामना दीप जलाने के लिए श्रद्धालुओं का आना शुरु हो गया।
शिवरात्रि पर वेदव्यास त्रिवेणी संगम पर ओडिशा के साथ साथ झारखंड व छत्तीसगढ़ से भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। शाम से ही पहाड़ी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मनोकामना दीप जलाया। सुबह महादीप उठने के साथ इसका समापन हुआ। जिले के प्रख्यात घोघड़ेश्वर महादेव मंदिर घोघड़धाम, तरकेरा देवगांव स्थित धवलेश्वर महादेव मंदिर, बणई स्थित बणेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसके लिए मंदिर कमेटी की ओर से बैरीकेट लगाने के साथ साथ पुलिस प्रशासन की ओर से बल तैनात किये गये हैं। राउरकेला के पुराना स्टेशन स्थित गौरीशंकर मंदिर में कीर्तन का आयोजन किया गया है। रेलवे स्टेशन के पास संकट मोचन मंदिर, बस स्टैंड स्थित त्रिनाथ मंदिर, बिसरा चौक शिव मंदिर, ट्रैफिक गेट पंचमंदिर, प्लांट साइट शिव मंदिर, उदितनगर पंच मंदिर, बसंती कालोनी शिव मंदिर, छेंड कालोनी शिव मंदिर, हनुमान वाटिका, एफसीआइ कालोनी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और जलाभिषेक किया। नया बाजार पहाड़ी पर स्थित अखंडल मणि मंदिर में कीर्तन का आयोजन किया गया है। टिबर कालोनी में हरिहरनाथ मंदिर में कीर्तन व रात्रि जागरण का कार्यक्रम हुआ। टिबर कालोनी के मुक्तेश्वर मंदिर, स्पनेश्वर मंदिर में जलाभिषेक किया गया। गोपबंधुपल्ली अमरनाथ मंदिर में जलाभिषेक तथा शाम को भंडारा लगा। रेलवे कालोनी मालगोदाम शिव मंदिर, मधुसूदनपल्ली शिव मंदिर में पूजा अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
:::::::::::
बीरमित्रपुर के गुप्तेश्वर मंदिर में लगा तांता
संवादसूत्र, बीरमित्रपुर : बीरमित्रपुर के पहाड़ी बाबा मंदिर, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रही। सुबह चार बजे से ही पहाड़ी बाबा मंदिर में लोग पहुंचने लगे थे। जगह कम होने के कारण गुफा में एक-एक कर भक्त गये। पहाड़ी के नीचे गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में भी भीड़ रही। यहां आये भक्तों ने शिव, जगन्नाथ, राम, हनुमान, संतोषी आदि देवी देवताओं की पूजा की। नगरपालिका के निकट शिव मंदिर, सिनेमा हॉल के निकट शिव मंदिर, बस स्टैंड में भी भक्तों की भीड़ रही। रात को भक्त मनोकामना दीप जलाने के लिए जुटे। इसी तरह कुआरमुंडा, भालूलता घोघड़ शिव मंदिर, सलंगाबहाल शिव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा अर्चना की।