बारिश में दीवार ढहने से बेघर हुआ परिवार
कोरोना महामारी को लेकर सरकार की ओर से जारी लॉकडाउन नियम के कारण गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कोरोना महामारी को लेकर सरकार की ओर से जारी लॉकडाउन नियम के कारण गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। शहर के सैकड़ों मजदूर बेरोजगार होकर घर बैठे है। इसी संकट काल में मानसून की बारिश ने राउरकेला महानगर निगम (आरएमसी) के वार्ड नंबर-22 अंतर्गत रेलवे कॉलोनी के इंदिरा नगर बस्ती निवासी कृष्णा सिंह के कच्चे घर की दीवार ढह जाने से पूरा परिवार आकाश तले आ गया है। कृष्णा और उनकी पत्नी देविका सिंह मजदूरी कर अपने दो बच्चों के साथ जीवन यापन करते थे। लेकिन कोरोना के कारण जारी लॉकडाउन के कारण काम नहीं मिलने से वैसे ही मुसीबतों का पहाड़ परिवार पर था। इस दौरान कृष्णा सरकारी से मिली खाद्य सामग्री से किसी तरह घर चला रहा था। इसी बीच बारिश के कारण उसके कच्चेच घर की दीवार ढह जाने से परिवार सड़क पर आ गया है। आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने से कृष्णा अपने घर की मरम्मत भी नहीं करा पा रहा है और पड़ोसियों के यहां रात गुजारने को विवश है। कृष्णा और उसकी पत्नी देविका ने जिला प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई है।