आखिरकार काम आई गांधीगिरी
नगर निगम अधिकारियों का इस ओर कई बार ध्यान आकृष्ट करने के बावजूद इन्हें नहीं काटा जा रहा है।
राउरकेला, जेएनएन। राउरकेला महानगर निगम क्षेत्र में कई जगहों पर सूखे पेड़ खतरनाक हालत में हैं। इनके गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बार-बार नगर निगम एवं वन विभाग का ध्यान आकृष्ट करने के बावजूद पहल नहीं होने पर पानपोष निवासी कुंदन प्रसाद अकेले ही सोमवार को निगम कार्यालय के समझा धरना पर बैठ गया।
नगर निगम क्षेत्र में म्यूनिसिपल कॉलेज के पास, प्लांट साइट थाना के पास, सरकारी कॉलेज पानपोष के पास, अनुमंडलीय अस्पताल के पास, पशु चिकित्सालय एसटीआइ चौक समेत 50 से अधिक स्थानों में 600 से अधिक पेड़ सूखे हैं जिनके गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। नगर निगम अधिकारियों का इस ओर कई बार ध्यान आकृष्ट करने के बावजूद इन्हें नहीं काटा जा रहा है। निगम की ओर से हर साल बारिश से पहले पेड़ों की छटनी एवं कटाई वन विभाग की मदद से की जाती है। इस साल भी अभियान तो चला पर इन पेड़ों को नहीं काटे जाने पर कुंदन प्रसाद अकेले नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना पर बैठा एवं निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। उसके द्वारा चिह्नित पेड़ों को सात दिन के अंदर कटवाने की व्यवस्था करने का भरोसा मिलने के बाद उसने अपना धरना स्थगित कर दिया।