आस्ट्रेलिया व ओडिशा की हॉकी में भिड़ंत चार को
चार नवंबर को बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम में प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया जाएगा।
राउरकेला, जेएनएन। आगामी नवंबर महीने में प्रदेश की राजधानी भुवनेश्वर में होने जा रहे विश्वकप हॉकी को लेकर खेल प्रेमियों में खुमारी चढ़ने लगी है। भारतीय हॉकी में सुंदरगढ़ जिले की भी विशिष्ट पहचान होने से यहां के खेलप्रेमियों में भी इसका रोमांच देखा जा रहा है। इसे देखते हुए चार नवंबर को सेक्टर-5 स्थित बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम में प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आस्ट्रेलिया की न्यू साउथ वेल्स टीम तथा ओडिशा एकादश हॉकी टीम के बीच भिड़ंत होगी।
इस प्रदर्शनी मैच का उद्घाटन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक करेंगे। इस संबंध में मंगलवार को भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान पद्मश्री दिलीप तिर्की, रघुनाथपाली विधायक सुब्रत तराई, राउरकेला महानगर निगम की आयुक्त रश्मिता पंडा, राउरकेला स्टील प्लांट के शहर सेवा विभाग के जीएम एनके सामंतराय ने स्टेडियम में तैयारियों का जायजा लिया। विधायक ने बताया कि भारतीय हॉकी टीम का संरक्षक होने से मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की देखरेख में यह सारा आयोजन किया जा रहा है। दिलीप तिर्की ने बताया कि आरएसपी तथा स्थानीय प्रशासन की मदद से इस मैच का सफल आयोजन करने की तैयारी जोरों पर है।
स्टेडियम के एस्ट्रोट्रर्फ को भी सुधारने का काम किया जा रहा है। इसमें आरएसपी का सहयोग मिल रहा है। प्रदर्शनी मैच का उद्घाटन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक करेंगे। आरएमसी की आयुक्त रश्मिता पंडा ने बताया कि दोनों टीमें दो नवंबर को यहां पहुंचेगी। तीन नवंबर को स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। जबकि चार नवंबर को शाम तीन से पांच बजे तक मैच खेला जाएगा। अगले दिन दोनों टीम भुवनेश्वर रवाना हो जाएंगी। इस मौके पर अधिवक्ता सुदाम दास, सुधीर सुंदरराय, प्रवीण गर्ग व भूषण सेठी समेत शहर के अन्य खेल प्रेमी उपस्थित थे।