राउरकेला में कुछ ही घंटों की बारिश में आधा दर्जन घर ढेर
राउरकेला स्मार्ट सिटी में बारिश के कारण घरों में पानी घुसने से आधा दर्जन घर ढह गए।
राउरकेला, जेएनएन। राउरकेला स्मार्ट सिटी में शनिवार रात को कुछ ही घंटों की बारिश के कारण कई बस्ती के घरों में पानी घुसने के साथ दो वार्ड में आधा दर्जन घर ढह गए। जिसके कारण ये लोग रात भर जाग कर गुजारने के बाद रविवार को घरों की मरम्मत करने में जुटे।
इतना ही नहीं इस बारिश के कारण बस्ती अंचल के कई घरों की हालत जर्जर हो चुकी है। कभी भी कोई हादसा होने की संभावना है। लेकिन बस्ती वासियों का कहना है कि ने गरीब होने के साथ मजदूरी का कार्य करते है। उनको सिर छिपाने के लिए मिट्टी के घर पर ही वे लोग आश्रित है। जबकि घर ढहने के बाद प्रशासन की ओर से केवल प्लास्टिक का तिरपाल दिया जाता है। इससे उनका घर तो नही बन सकता है।
बस्ती वासियों ने प्रशासन से घर बनाने के लिये कुछ राशी देने की मांग की।
शनिवार को हुये कुछ घंटों की बारिश के कारण वार्ड नंबर-9 में दो मिट्टी के घर ढह गया। लेकिन इस दौरान घरवाले जागने के कारण कोई हादसा नही हुआ। घर में रहने वाले लोग बाल बाल बच गए। जबकि वार्ड नंबर -10 में ड्रेन का अधूरा कार्य होने के कारण इस बारिश का पानी घर में घुसने के साथ शीला समासी के घर के चारदीवारी ढह गई। ठेला चला कर गुजारा करने वाले परिवार के 12 सदस्यों के साथ रहने वाले फौजी यादव का घर मिट्टी का होने के कारण इनके घर की दीवार ढ़ह गयी। इसी तरह भीख मांग कर गुजारा करने वाली केया गांगुली, मजदूरी करने वाली पार्वती साहु तथा मजदूर बी साहु का भी घर ढह गया। इसके अलावा इन बस्ती के कई घरों की हालत काफी जर्जर हालत में है। लोग रात को दहशत में जी रहे है। इसी तरह मागुनी बस्ती, सेक्टर-18 बस्ती, बिसरा रोड स्थित मछली बस्ती में बारिश का पानी घुसने के कारण लोग रात भर परेशान रहे।