राउरकेला जिला कांग्रेस की कमान जार्ज को, सुंदरगढ़ वेणुमाधव संभालेंगे
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने रविवार को ओडिशा राज्य के विभिन्न जिला अध्यक्षों की सूची जारी की।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने रविवार को ओडिशा राज्य के विभिन्न जिला अध्यक्षों की सूची जारी की। इस बार पार्टी हाईकमान ने राउरकेला जिला कांग्रेस की बागडोर जिले के जुझारू नेता जार्ज तिर्की को सौंपी है। इससे पूर्व सुंदरगढ़ संसदीय सीट के उम्मीदवार के तौर पर कांग्रेस ने जार्ज पर भरोसा किया था। इसके अलावा जिले में कृषि कानून के विरोध में जन आंदोलन के लिए बनाई गई विशेष कमेटी का उन्हें अध्यक्ष भी बनाया गया है। चुनाव में पराजय के बावजूद जार्ज तिर्की कांग्रेस के एक जुझारू नेता के तौर पर जन समस्याओं को लेकर मुखर आंदोलन को धार देने में लगे है। चाहे वह कोविड का मामला हो या फिर निजी अस्पताल जेपी का घेराव करना। एनएच की समस्या को लेकर कार्यालय का घेराव सहित जनता से जुड़े हर मुद्दे पर जार्ज मुखर रूप अपनाए हुए है। जिले में जार्ज की छवि पहले से ही एक जुझारू जन प्रतिनिधि के तौर रही है। उनके कांग्रेस में आने के बाद जिले मे पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा देखी जा रही है।
राउरकेला जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर जार्ज ने कहा कि पार्टी और सक्रिय करना उनकी प्राथमिकता होगी। अब हर उस मुद्दे पर कांग्रेस लड़ाई लड़ेगी जो जनता से जुड़ा होगा। चाहे वह बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा या फिर कोविड से जुड़ा मामला क्यों ना हो। जार्ज ने कहा कि संगठन के विस्तार पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्ति की है कि उनके नेतृत्व में पार्टी जिले में और मजबूत होगी। कहा कि पार्टी हाईकमान द्वारा जो विश्वास उन पर किया गया है, उस पर वह खरा उतरेंगे। उधर, सुंदरगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष वेणुमाधव त्रिपाठी को बनाया गया है।