गांजा के साथ गिरफ्तार बिहार की चारों महिलाएं गई जेल
राज्य के बरहमपुर से गांजा लेकर वाया राउरकेला बिहार जाने के क्रम में गिरफ्तार चारो महिलाओं को प्लांट साइट थाना की पुलिस ने शनिवार की देर शाम कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला (ओडिशा) : राज्य के बरहमपुर से गांजा लेकर वाया राउरकेला बिहार जाने के क्रम में गिरफ्तार चारो महिलाओं को प्लांट साइट थाना की पुलिस ने शनिवार की देर शाम कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। मूलरूप से बिहार के कटिहार, पूर्णिया व खगड़िया जिले की रहने वाली इन चारों महिलाओं को प्लांट साइट थाना की पुलिस ने राउरकेला के गांधी रोड स्थित नया बस स्टैंड से शनिवार की सुबह करीब पांच बजे उस समय पकड़ा था जब ये बिहार जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं। पुलिस ने इनके पास से 53 किलो 690 ग्राम गांजा एवं छह मोबाइल जब्त किया है। हालांकि इन महिलाओं को मोहरा बनाने वाले का कुछ पता नहीं चल सका है।
डीएसपी असीम पंडा ने बताया कि शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि बरहमपुर से कुछ महिलाएं विभिन्न प्रकार के ट्रैवल बैग में पैकेट में गांजा लेकर राउरकेला नया बस स्टैंड आ रही हैं। इसी सूचना के आधार पर प्लांट साइट थाना की पुलिस ने वहां छापेमारी की। इस दौरान बस स्टैंड में पुलिस ने संदेह के आधार पर चार महिलाओं से पूछताछ करने के साथ इनका बैग जांच करने पर उसमें से कुल 53 किलो 690 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जिसकी कीमत 20 हजार रुपये अधिक है। पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए। डीएसपी ने बताया कि ये महिलाएं विगत कई साल से गांजा तस्करी में संलिप्त हैं। वहीं, पूछताछ में आरोपित महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वे गांजा लाने और पहुंचाने का काम करती थी। इसके एवज में उनकों अच्छी रकम मिलती थी। इनमें से दो महिलाएं इस कारोबार में विगत कई सालों से संलिप्त है। जबकि दो महिलाएं पहली बार ही इस काम की शुरुआत की है। हालांकि इन महिलाओं के जरिये गांजा की तस्करी कौन करता है, इसका खुलासा पुलिस नहीं किया है।
आरोपित महिलाओं का पता-ठिकाना :
1- जसो देवी (47) थाना कुरशेला, गांव- गांधीग्राम का बिंदटोला, जिला कटिहार, बिहार
2- पूनम देवी उर्फ पूनम (31) थाना कुरशेला, गांव- गांधीग्राम का बिंदटोला, जिला कटिहार, बिहार
3- चंदा देवी (25) थाना रुपौली, गांव अजहोकपा, जिला पूर्णिया, बिहार
4- रेखा कुमारी (49) थाना पसरा, गांव- पीपरपंती वार्ड नंबर-7, जिला- खगड़िया, बिहार।