शार्ट सर्किट से लगी आग से घर का सामान खाक
जागरण संवाददाता, राउरकेला : दक्षिण राउरकेला के फर्टिलाइजर टाउनशिप के ई ब्लाक में एक घर में शार्ट
जागरण संवाददाता, राउरकेला :
दक्षिण राउरकेला के फर्टिलाइजर टाउनशिप के ई ब्लाक में एक घर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिसमें घर का काफी सामान जलकर राख हो गया है। इस आगजनी में लाखों रुपयों की क्षति का अनुमान लगाया गया है, हालांकि इसका सटीक आकलन नहीं किया जा सका है। फर्टिलाइजर टाउनशिप के ई ब्लाक की निवासी सावित्री साहु तथा उसके दो बेटे गुरुवार की रात घर में सोए थे। जिसमें रात के करीब 1.30 बजे घर के प्लास्टिक कूलर में शार्ट सर्किट से आग लग गई थी। वहां से आग पास ही रखे कपड़ों के स्टैंड तक पहुंचने के बाद पूरे घर में आग फैलने लगी। इसका पता चलने से घर के सदस्यों की नींद खुल गई, जिससे किसी तरह घर से गैस सिलेंडर व गाड़ी को बाहर निकाला गया। जिसके बाद ओडिशा अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया था। लेकिन अग्निशमन विभाग के कर्मचारी यहां पहुंचने से पूर्व घर का टीवी, फ्रिज, अलमारी व अन्य सामान जलकर राख हो चुका था, जिससे लाखों की क्षति का अनुमान लगाया गया है।