केंद्रीय मंत्री के आश्वासन पर पूर्व सैनिकों का आंदोलन स्थगित
राउरकेला इस्पात संयंत्र में नियुक्ति की मांग को लेकर 55 दिन स
जागरण संवाददाता, राउरकेला : राउरकेला इस्पात संयंत्र में नियुक्ति की मांग को लेकर 55 दिन से आंदोलन कर रहे भूतपूर्व सैनिकों ने शनिवार को केंद्रीय जनजातीय कार्यमंत्री जुएल ओराम से आश्वासन मिलने के बाद इसे वापस ले लिया है। राउरकेला भूतपूर्व सैनिक संघ के महासचिव निर्मल कुमार दास ने बताया कि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं होने पर कानून की सहायता लेंगे।
भूतपूर्व सैनिक संघ की ओर से आरोप लगाया गया है कि राउरकेला इस्पात संयंत्र में नियुक्ति कोटे को बदल दिया जाता है। संघ की ओर से 20 साल से नियुक्ति के लिए विशेष कोटा की मांग की जा रही है तथा आंदोलन किया जा रहा है पर उनकी मांगें पूरी नहीं की जा रही है। शनिवार को भी बिरसा चौक में प्रदर्शन किया गया जिसमें डीएन पंडा, मुरलीधर महंतो, प्रकाश चंद्र परीडा, सरोज कुमार परीडा, जयंत बेरिहा, चक्रांत जेना, अक्षय सामल, धीरेन्द्र नाथ पंडा, माधव महंतो, विनोद पड़िहारी, कृष्ण चंद्र परीडा, खिरोद महापात्र, सुबेदार एक्का, त्रिलोचन प्रधान, रंजीत, विक्रांत बहालिया, हरि शर्मा, एचएस पात्र, सुबल नायक आदि लोग शामिल थे। शाम को केन्द्रीय मंत्री जुएल ओराम, भाजपा प्रदेश सचिव धीरेन सेनापति, निहार राय आदि आंदोलनकारियों से मिले। ओराम ने केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं सेल चेयरमैन के साथ भूतपूर्व सैनिकों की समस्या पर बातचीत कर हल निकालने का भरोसा दिया इसके बाद आंदोलन को स्थगित किया गया।