बनेई में हाथियों ने तोड़ी मंदिर की दीवार
ग्रामांचल में हाथियों का झुंड कहर बरपाए हुए हैं। इसी कड़ी में दो हाथी बनेई शहर पहुंच गए और वहां बनेश्वर मंदिर की दीवार को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही आसपास के खेतों में खड़ी फसल को रौंद डाला।
जासं, राउरकेला : ग्रामांचल में हाथियों का झुंड कहर बरपाए हुए हैं। इसी कड़ी में दो हाथी बनेई शहर पहुंच गए और वहां बनेश्वर मंदिर की दीवार को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही आसपास के खेतों में खड़ी फसल को रौंद डाला। यह दोनों दंतैल हाथी अपने झुंड से अलग होने के बाद क्षेत्र में उपद्रव मचाए हुए हैं। पांच दिनों से तमरा वनांचल क्षेत्र में उपद्रव मचाने के बाद यह दोनों हाथी अब बनेई में घुस आए है। दोनों दिन के समय पास के जंगल में रहते है और रात में शहर का रुख कर रहे हैं। इससे स्थानीय लोगो में भय का माहौल है। हालांकि वन कर्मियों की मदद से हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन वह कुछ दूर जाकर फिर बनेई के आसपास डेरा जमाए हुए हैं। वन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि रात में हाथियों को भगाने की व्यवस्था की जाएगी। क्योंकि दिन में उनका पीछा करना संभव नहीं है। आरएसपी ने कराई नाले की मरम्मत : र्फटिलाइजर अंचल के ई ब्लॉक स्थित मौसी मां मंदिर के लिए रोड किनारे का नाला काफी दिनों से जर्जर अवस्था में पड़ा था। इस कारण बारिश का पानी सड़क पर बहने से लोगों को आने जाने में असुविधा हो रही थी। स्थानीय लोगों ने कई बार राउरकेला इस्पात संयंत्र का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया पर सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और कुछ दुकानदारों द्वारा आरएसपी शहर सेवा विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के बाद नाले की मरम्मत किए जाने पर अब लोगों को राहत है।