वेदव्यास नदी टोला के पास रेल पटरी पर मिला दिव्यांग का शव
वेदव्यास नदी टोला के पास ट्रेन की चपेट में आने से दिव्यांग युवक की मौत हो गई।
जासं, राउरकेला : वेदव्यास नदी टोला के पास ट्रेन की चपेट में आने से दिव्यांग युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेल पुलिस वहां पहुंची और शव को जब्त कर इसकी जांच शुरू की है। उसकी उम्र करीब 35 साल है एवं उसके साथ एक आशा छड़ी भी है। इसी के आधार पर पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
वेदव्यास नदी टोला के पास से ड्यूटी पर जा रहे रेल कर्मचारी ने पटरी पर युवक का शव देख पानपोष स्टेशन को सूचित किया था। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जतायी जा रही है। उसके पास एक आशा छड़ी भी है जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसे ठीक तरह से दिखाई नहीं देता था। पुलिस द्वारा लोगों से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया पर पता नहीं चला। हेमगिर स्टेशन के पास रेल लाइन से वृद्ध का शव बरामद : मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग में हेमगिर स्टेशन के पास रेल पटरी से वृद्ध का शव बरामद किया गया। राजगांगपुर रेल पुलिस अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। मृतक की पहचान भुर्ता गांव निवासी 65 वर्षीय प्रेमानंद चंदनिया के रूप में हुई है। भुर्ता गांव निवासी प्रेमानंद चंदनिया सोमवार की शाम को घर से निकला था एवं तिलया गांव अपनी नातिन के घर गया था। वहां से लौटते समय पटरी पार कर रहा था तभी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जतायी जा रही है। रेल पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।