सुंदरगढ़ के दीपसान बने अंडर-23 भारतीय हॉकी टीम के कप्तान
दीपसान ने पहली बार सीनियर टीम के लिए पिछले साल बांग्लादेश में हुए एशिया कप में भाग लिया था जिसमें भारत चैंपियन बना था।
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़ : सुंदरगढ़ जिला ने एक बार फिर हॉकी में अपना नाम रोशन किया है। 14 जुलाई से बेल्जियम में शुरू होने जा रहे छह देशों के अंडर-23 हॉकी टूर्नामेंट के लिए सुंदरगढ़ के सोनामुरा गांव के दीपसान तिर्की को भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है। इस 18 सदस्यीय टीम में ओडिशा से दो अन्य खिलाड़ी शिलानंद लाकड़ा एवं नीलम संजीब खेस को भी जगह मिली है। दीपसान एवं शिलानंद पहले भी भारतीय हॉकी दल के लिए खेल चुके हैं। दीपसान ने पहली बार सीनियर टीम के लिए पिछले साल बांग्लादेश में हुए एशिया कप में भाग लिया था जिसमें भारत चैंपियन बना था।
दीपसान एवं नीलम संजीव खेस डिफेंडर हैं वहीं शिलानंद फॉरवर्ड में खेलते हैं। दीपसान को कप्तान बनाए जाने पर पूरे जिले में खेल प्रेमियों के बीच खुशी की लहर देखी जा रही है। जिला खेल संघ के महासचिव दुर्गा माधव नायक,जिला खेल अधिकारी तेज कुमार खेस सहित जिला खेल संघ के अन्य सदस्य जयदेव पात्र,अनिल बोहिदार, अजय बोहिदार, प्रभात भोल, भाजपा के बटकिशोर मिश्र, टंकधर त्रिपाठी, जसवंत नायक, हिमांशु शेखर षडंगी, आशीष पटेल ने दीपसान को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामना दी है।